Homeदेशबिहार

भोजपुर के तरारी में जहर खाने से विवाहिता की मौत,शव को पुलिस ने बरामद किया

भोजपुर(बिहार)जिले के तरारी थाना क्षेत्र के सेदहां गांव में शुक्रवार की देर रात्रि में जहर खाने से एक विवाहिता की मौत हो गई। मौत की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर उसका पोस्टमार्टम सदर अस्पताल आरा में करवाया। मृत विवाहिता तरारी थाना क्षेत्र के सेदहा गांव के अखिलेश चौधरी की 28 वर्षीय पत्नी पुष्पा देवी बताई जा रही है। मृत महिला के मायके वाले ससुराल वालों पर जहर देकर हत्या करने का आरोप लगा रहे हैं।जबकि ससुराल वाले इस आरोप को बेबुनियाद बता रहे है।मृत महिला के ससुराल वालों ने बताया कि पत्नी-पत्नी के बीच विवाद हुआ, इसी कारण बहू ने जहर खाकर जान दे दी है। वही पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया।मृत महिला का भाई भुनेश्वर नोनिया ने उसके ससुराल वालों पर जहर देकर मारने का आरोप लगाया है। उसने बताया उसके पिता राम भज्जू नोनिया ने अपनी पुत्री पुष्पा देवी की शादी तरारी थाना क्षेत्र के सेदहा गांव के राम सिंहासन चौधरी के पुत्र अखिलेश चौधरी से वर्ष 2008 में हिंदू रीति रिवाज एवं दान दहेज के साथ की थी।

शादी के कुछ दिन बाद से ही उसे लगातार मायके से पैसा मांगने को लेकर प्रताड़ित किया जाता था। उसका पति बाहर रहकर मजदूरी करता है। वह फोन पर ही यहां आने से पहले कहता था कि मैं आकर तुम्हारी बहन को मार दूंगा तुम्हें जो करना होगा कर देना। इसी बीच शुक्रवार की रात को सूचना मिली कि मेरी बहन की मौत हो गई है।

भाई का आरोप- पति, सास-ससुर ने मिलकर मेरी बहन को मार डाला

घटना की सूचना मिलते ही मृत विवाहिता के परिजन उसके ससुराल पहुंचे। वहीं दूसरी ओर मृतिका का भाई भुनेश्वर नोनिया ने उसके पति अखिलेश चौधरी, ससुर राम सिहासन चौधरी एवं उसके सास पर जहर देकर मारने का आरोप लगाया है। जबकि दूसरी ओर मृतका के ससुर राम सिंहासन चौधरी ने बताया कि शुक्रवार की शाम जब मैं खलिहान में था। उसी बीच मोबाइल को लेकर दोनों पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था। उसका पति अखिलेश चौधरी उसका मोबाइल लेकर चला गया था। जिसको लेकर उसकी पत्नी पीछे-पीछे भी गई थी। लेकिन उसने पत्नी को मोबाइल नहीं दिया। जिसके बाद गुस्से में आकर उसने जहर खा लिया। इससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद मृतिका के घर में कोहराम मच गया है। इस घटना के बाद मृतका के परिवार के सभी सदस्य सदमें पड़े हुए है।