महिला संवाद में मंत्री ने दी योजनाओं की जानकारी, 250 महिलाएं शामिल
नालंदा:नूरसराय प्रखंड के चंडासी पंचायत स्थित आदर्श गांधी मध्य विद्यालय में महिला संवाद कार्यक्रम का आयोजन हुआ। इसमें ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने महिलाओं को संबोधित किया। उन्होंने बिहार सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। कार्यक्रम में करीब 250 से ज्यादा ग्रामीण महिलाएं शामिल हुईं।

मंत्री ने कहा कि सरकार की योजनाओं से गांवों का विकास हो रहा है। उन्होंने बताया कि आवास योजना, नल-जल योजना, पोशाक योजना, साइकिल योजना और अन्य योजनाओं से लोग लाभान्वित हो रहे हैं। उन्होंने महिलाओं से इन योजनाओं का पूरा लाभ लेने की अपील की।
कार्यक्रम में चलित वीडियो वाहन के माध्यम से सरकार की उपलब्धियों और महिला सशक्तिकरण से जुड़ी योजनाओं की जानकारी चलचित्र के रूप में दिखाई गई। आदर्श गांधी मध्य विद्यालय की शिक्षिकाओं ने अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि बिहार सरकार की योजनाओं से प्रेरित होकर दूसरे राज्यों की महिलाएं भी शिक्षिका बन रही हैं। शिक्षिकाओं ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का आभार जताया और महिलाओं को बच्चों की पढ़ाई पर ध्यान देने की सलाह दी।

महिला संवाद कार्यक्रम 18 अप्रैल 2025 से जिले के सभी 20 प्रखंडों में चल रहा है। जीविका द्वारा गठित 2214 ग्राम संगठनों में इसका आयोजन किया जा रहा है। हर संगठन स्तर पर महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित की गई है। कार्यक्रम के दौरान वीडियो फिल्म दिखाई जा रही है और महिलाओं से सुझाव लिए जा रहे हैं।
आज के संवाद में महिलाओं ने सरकार की योजनाओं से मिली मदद की कहानियां साझा कीं। उन्होंने कहा कि उनके गांव में नालियों की व्यवस्था होनी चाहिए। सड़कें ठीक होनी चाहिए। सामुदायिक शौचालय बनना चाहिए। विधवा पेंशन की राशि बढ़नी चाहिए। राशन की दुकान खुलनी चाहिए और दिव्यांगता भत्ता मिलना चाहिए।
इस मौके पर जिला परियोजना प्रबंधक संजय प्रसाद पासवान, प्रबंधक संचार संतोष कुमार, प्रबंधक सामाजिक विकास पंकज कुमार, प्रखंड परियोजना प्रबंधक आनंद कुमार सहित जीविका के अन्य कर्मी मौजूद रहे। सभी ने कार्यक्रम को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाई।

