Homeदेशबिहारविविध

पंचायत सचिव गायब मिले, सीएमआर आपूर्ति पर फटकार

अरेराज:अनुमंडल पदाधिकारी ने 16 अप्रैल 2025 को पहाड़पुर अंचल-सह-प्रखंड कार्यालय का निरीक्षण किया। कार्यालय में साफ-सफाई और संचिकाओं की व्यवस्था बेहतर मिली। बायोमेट्रिक मशीन से कर्मियों की उपस्थिति जांची गई। पंचायत सचिव की उपस्थिति दर्ज नहीं मिली। इस पर निर्देश दिया गया कि जब तक पंचायत स्तर पर बायोमेट्रिक मशीन चालू नहीं होती, तब तक सभी पंचायत सचिव प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय में ही उपस्थिति दर्ज करें। कार्यालय में पंजी अद्यतन नहीं मिला। इसे तीन दिन के भीतर अद्यतन करने का निर्देश दिया गया।

इसी दिन अनुमंडल पदाधिकारी ने अरेराज अनुमंडल के सभी प्रखंड सहकारिता प्रसार पदाधिकारियों के साथ धान अधिप्राप्ति विपण वर्ष 2024-25 की समीक्षा की। इसमें पैक्स अध्यक्षों द्वारा किसानों से खरीदे गए धान और उसके समतुल्य सीएमआर की आपूर्ति की स्थिति देखी गई।

पहाड़पुर प्रखंड में 87.94 लॉट धान खरीदे गए। इसके विरुद्ध 39 लॉट सीएमआर की आपूर्ति हुई। हरसिद्धि में 179.63 लॉट धान के बदले 111.00 लॉट सीएमआर मिला। संग्रामपुर में 68.74 लॉट धान के बदले 43.68 लॉट सीएमआर की आपूर्ति हुई। अरेराज में 65.15 लॉट धान के बदले 25.64 लॉट सीएमआर मिला।

पहाड़पुर और अरेराज प्रखंड में सीएमआर की आपूर्ति संतोषजनक नहीं पाई गई। इस पर खेद जताते हुए संबंधित प्रखंड सहकारिता प्रसार पदाधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर शेष सीएमआर की आपूर्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।