7 हजार ग्रामीणों ने महिला संवाद में रखीं अपनी बातें
नालंदा:महिला सशक्तिकरण को लेकर बिहार सरकार द्वारा चलाए जा रहे अभियान ‘महिला संवाद’ के तीसरे दिन नालंदा जिले के 16 प्रखंडों के 36 गांवों में कार्यक्रम हुआ। इसमें 7 हजार से ज्यादा ग्रामीणों ने भाग लिया। सुबह की पहली पाली में 16 ग्राम संगठनों में और शाम की दूसरी पाली में अन्य 16 ग्राम संगठनों में महिला संवाद का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में जीविका स्वयं सहायता समूह की दीदियों के साथ-साथ अन्य महिलाएं भी शामिल हुईं। गांव की महिलाओं ने समाज और राज्य के विकास पर खुलकर चर्चा की। संवाद के दौरान चलित वीडियो वाहन के माध्यम से सरकार की योजनाओं और महिला उत्थान से जुड़ी परियोजनाओं की जानकारी चलचित्र के रूप में दी गई।

महिला संवाद से मिले सुझावों और आकांक्षाओं को मोबाइल एप पर दर्ज किया जा रहा है। इससे नीति निर्धारण और योजनाओं के क्रियान्वयन में सुधार होगा। यह अभियान 18 अप्रैल 2025 से जिले के सभी 20 प्रखंडों में चल रहा है। कुल 2214 ग्राम संगठनों में महिला संवाद होना है। इसके लिए तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
कार्यक्रम में शामिल महिलाओं और युवतियों ने बताया कि सरकार की योजनाओं से उन्हें लाभ मिला है। उन्होंने अपने अनुभव साझा किए और नई मांगें भी रखीं। ग्रामीणों ने कहा कि गांव में नालियों की व्यवस्था हो, सड़कें ठीक हों, सामुदायिक शौचालय बनें। विधवा पेंशन की राशि बढ़े, राशन की दुकान खुले और दिव्यांगता भत्ता मिले।
इस मौके पर जिला परियोजना प्रबंधक संजय प्रसाद पासवान, प्रबंधक संचार संतोष कुमार, प्रबंधक सामाजिक विकास पंकज कुमार, सभी प्रखंड परियोजना प्रबंधक और जीविका कर्मी मौजूद रहे। सभी ने कार्यक्रम को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाई।