वज्रपात, लू और आग से बचाव पर दीदियों को प्रशिक्षण
दरभंगा:जिले के घनश्यामपुर प्रखंड के लगमां और कनकी मुसहरी गांव में जीविका दीदियों को वज्रपात, लू और अग्नि सुरक्षा पर विशेष प्रशिक्षण दिया गया। यह कार्यक्रम जिला आपदा प्रबंधन, बिहार इंटर एजेंसी ग्रुप, यूनिसेफ और जीपीएसवीएस के सहयोग से हुआ।

कनकी मुसहरी गांव में इसी साल वज्रपात से हरिश्चंद्र सदा की मौत हो गई थी। इस कारण इस महादलित बस्ती में यह जागरूकता कार्यक्रम और भी जरूरी हो गया। कार्यक्रम में जिला समन्वयक श्याम कुमार सिंह ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा, जब आसमान में बादल हों और बिजली चमके तो घर से बाहर न निकलें। यदि बाहर हों तो सुरक्षित स्थान पर चले जाएं। अकेले पेड़ के नीचे खड़ा होना खतरनाक हो सकता है। लोहे की डंडी वाले छाते का इस्तेमाल न करें। घर निर्माण में ऊंचे छड़ बिना ढांके न छोड़ें।

उन्होंने बताया, खेत, पोखर, तालाब या नदी में हों तो तुरंत बाहर आ जाएं। झुंड में न रहें। बिजली चमकने पर आंख-कान बंद कर किसी मेड पर उकड़ूं बैठ जाएं। आग से सुरक्षा और गैस सिलेंडर के इस्तेमाल में बरती जाने वाली सावधानियों पर भी चर्चा हुई।
कार्यक्रम में डीआरआर कैटलिस्ट लक्ष्मी देवी और रविन्द्र प्रसाद ने सहयोग किया। करीब 12 समूहों की 125 महिलाओं और अन्य लोगों को प्रशिक्षित किया गया।

