टीबी मुक्त भारत के लिए एकमा में जागरूकता और पोषाहार वितरण
छपरा:प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत एकमा प्रखंड मुख्यालय में जागरूकता सह पोषाहार वितरण कार्यक्रम हुआ। आयोजन ठाकुरबाड़ी महिला विकास कल्याण समिति के तत्वावधान में अलख नारायण सिंह उच्च विद्यालय परिसर में किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को टीबी के प्रति जागरूक करना और सामूहिक भागीदारी सुनिश्चित करना रहा।

संस्था प्रमुख डॉ अंजु सिंह, सीएचसी के प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधक वाहिद अख्तर, एसटीएलएस अमित कुमार सिंह, एसटीएस मनोज कुमार, विद्यालय के प्राचार्य कृष्ण भगवान यादव और सहायक शिक्षक राजेश कुमार सिंह ने कार्यक्रम को संबोधित किया। समिति द्वारा गोद लिए गए एकमा प्रखंड के 20 मरीजों को पोषाहार सामग्री दी गई। मरीजों को टीबी के लक्षण, बचाव और इलाज की जानकारी दी गई।

बीएचएम वाहिद अख्तर ने सरकार द्वारा टीबी मरीजों को दी जाने वाली सुविधाओं की जानकारी दी। एसटीएस मनोज कुमार ने बताया कि टीबी से बचाव के लिए टीपीटी जरूरी है। शुरुआत में सावधानी और इलाज से बीमारी रोकी जा सकती है। कमजोर शरीर में रोग प्रतिरोधक क्षमता कम हो जाती है, जिससे टीबी जैसे रोग पनपते हैं। उन्होंने पोषाहार वितरण के लिए संस्था का आभार जताया।
डॉ अंजु सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री का लक्ष्य 2025 तक भारत को टीबी मुक्त बनाना है। यह तभी संभव है जब समाज के सभी वर्ग इसमें भाग लें। प्राचार्य डॉ कृष्ण भगवान यादव ने डॉ अंजु सिंह को सम्मानित किया। उनके सामाजिक कार्यों की सराहना की और हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम का संचालन अरिजीत सिंह ने किया। मौके पर मणि शाही, प्रीति शाही, सारिका द्विवेदी, राघवेंद्र सिंह, मिथिलेश तिवारी, कुमार अभिनाश, रंजन सिंह, मनोरमा कुमारी, दिलीप कुमार चौधरी सहित दर्जनों लोग मौजूद रहे।