Homeदेशबिहारराजनीतिविविध

खेल अकादमी और पुलिस अकादमी का सीएम ने किया निरीक्षण

नालंदा:मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शुक्रवार को राजगीर खेल अकादमी-सह-खेल विश्वविद्यालय में नवनिर्मित खेल सुविधाओं का लोकार्पण किया। उन्होंने इंडोर हॉल संख्या-2, बास्केटबॉल कोर्ट, हैंडबॉल कोर्ट, वॉलीबॉल कोर्ट और हॉकी प्रैक्टिस टर्फ का फीता काटकर उद्घाटन किया। इसके बाद सभी खेल सुविधाओं का जायजा लिया। इस मौके पर गुब्बारा भी उड़ाया गया। खिलाड़ियों ने तालियों से मुख्यमंत्री का स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों से बातचीत की। उन्हें बेहतर अभ्यास करने और आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने ब्वॉयज और गर्ल्स हॉस्टल में दी जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। राज्य खेल अकादमी में खिलाड़ियों को मिल रही सुविधाओं को भी देखा।

मुख्यमंत्री ने खेलो इंडिया यूथ गेम्स, 2025 की तैयारियों का भी जायजा लिया। उन्होंने खेल मैदान और ट्रैक का निरीक्षण किया। कहा कि खिलाड़ियों के लिए बेहतर सुविधा दी गई है। सभी निर्माण कार्य अच्छे ढंग से कराए गए हैं। खेलो इंडिया यूथ गेम्स का आयोजन बेहतर तरीके से हो, इसका ध्यान रखें।

इसके बाद मुख्यमंत्री ने बिहार पुलिस अकादमी का निरीक्षण किया। उन्होंने स्वीमिंग पूल, मॉडल थाना और क्षेत्रीय विधि विज्ञान प्रयोगशाला का जायजा लिया। यहां पहले से तीन लैब कार्यरत हैं। चौथे लैब की शुरुआत मुख्यमंत्री ने की। उन्होंने वर्दी सिलाई कर रहीं जीविका दीदियों से भी बातचीत की। पासिंग आउट परेड ग्राउंड का भी निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस अकादमी का निर्माण बेहतर ढंग से हुआ है। सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। प्रशिक्षण की व्यवस्था भी अच्छी है। अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रशिक्षण कार्य का संचालन बेहतर ढंग से होता रहे।

इस मौके पर उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी, ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार, भवन निर्माण मंत्री जयंत राज, खेल मंत्री सुरेंद्र मेहता, पर्यावरण मंत्री डॉ. सुनील कुमार, सांसद कौशलेंद्र कुमार, विधायक कौशल किशोर, विधायक कृष्णमुरारी शरण, पूर्व विधायक ई. सुनील, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, खेल विश्वविद्यालय के कुलपति शिशिर सिन्हा, पुलिस महानिदेशक विनय कुमार, गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव अरविंद कुमार चौधरी, पुलिस भवन निर्माण निगम के महानिदेशक आलोक राज, पुलिस अकादमी की निदेशक आर. मल्लार विजी, मुख्यमंत्री के सचिव अनुपम कुमार, भवन निर्माण विभाग के सचिव कुमार रवि, पटना प्रमंडल के आयुक्त मयंक वरबड़े, खेल विभाग के निदेशक महेंद्र कुमार, जिलाधिकारी शशांक शुभंकर, पुलिस अधीक्षक भारत सोनी सहित अन्य अधिकारी, खिलाड़ी और प्रशिक्षक मौजूद थे।