जिला पदाधिकारी ने निर्माण कार्यों की समीक्षा की, दिए सख्त निर्देश
सिवान:जिला पदाधिकारी की अध्यक्षता में शनिवार को समाहरणालय सभा कक्ष में निर्माण कार्यों की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में भवन निर्माण विभाग, बीएमएसआईसीएल, बिहार राज्य शिक्षा आधारभूत संरचना निगम, स्थानीय क्षेत्र अभियंत्रण संगठन, बुडको, लघु जल संसाधन विभाग, सारण नहर प्रमंडल मैरवा, सिवान, महाराजगंज, बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल, जल निस्सरण प्रमंडल, लघु सिंचाई प्रमंडल, ग्रामीण कार्य विभाग सिवान व महाराजगंज, विद्युत आपूर्ति प्रमंडल सिवान व महाराजगंज के तकनीकी पदाधिकारी शामिल हुए।

जिला पदाधिकारी ने कार्यपालक अभियंता भवन प्रमंडल सिवान और स्थानीय क्षेत्र अभियंत्रण संगठन कार्य प्रमंडल एक व दो को निर्देश दिया कि पंचायत सरकार भवन और सामुदायिक भवन सह वर्कशेड योजनाओं को प्राथमिकता पर जल्द पूरा करें। निर्माण की गुणवत्ता बनी रहे।

लघु सिंचाई प्रमंडल सिवान को निर्देश मिला कि राज्य द्वारा स्थापित नलकूपों की जांच कर अक्रियाशील नलकूपों को जल्द चालू करें। बिहार राज्य शिक्षा आधारभूत संरचना निगम को सभी अपूर्ण योजनाएं शीघ्र पूरी करने को कहा गया। निर्माण की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।

बीएमएसआईसीएल को निर्देश दिया गया कि निर्माणाधीन सीएचसी, एपीएचसी और एचडब्ल्यूसी योजनाओं को जल्द पूरा करें। ग्रामीण कार्य विभाग कार्य प्रमंडल एक व दो सिवान और महाराजगंज को सड़कों का निरीक्षण और तकनीकी जांच सुनिश्चित करने को कहा गया।

सारण नहर प्रमंडल मैरवा, सिवान, महाराजगंज, बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल सिवान और जल निस्सरण प्रमंडल सिवान को निर्देश मिला कि उनके अधीन पुल-पुलियों की सफाई 30 मई 2025 तक पूरी हो।
अन्य सभी विभागों के तकनीकी पदाधिकारियों को भी निर्देश दिया गया कि उनके अधीन विकास योजनाओं को जल्द पूरा करें। बैठक में सभी संबंधित विभागों के कार्यपालक अभियंता मौजूद रहे।

