Homeदेशबिहार

गृहमंत्री की सभा के लिए पूर्व मंत्री ने किया जनसंपर्क

भगवानपुर हाट(सीवान)भारत सरकार के गृहमंत्री अमित शाह की 30 मार्च को गोपालगंज पुलिस लाइन में होने वाली आमसभा को सफल बनाने के लिए भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री डॉ. महाचंद्र प्रसाद सिंह ने गुरुवार को जनसंपर्क अभियान चलाया। उन्होंने मलमलिया, नगवां, हिलसड़, सारीपट्टी, भगवानपुर गांव और बाजार में लोगों से मिलकर अधिक से अधिक संख्या में गोपालगंज पहुंचने का आग्रह किया।

डॉ. सिंह ने कहा कि गृहमंत्री अमित शाह देशवासियों के संकटमोचक हैं। उनके प्रयास से कश्मीर से धारा 370 हटाई गई। अयोध्या में भगवान श्रीराम का मंदिर बन रहा है। उन्होंने कहा कि श्री शाह राष्ट्र को हर दृष्टिकोण से मजबूत बना रहे हैं। केंद्र सरकार की नीतियों से देश की सीमाएं सुरक्षित हैं। आतंकवाद अब पनाह मांग रहा है।

उन्होंने कहा कि गोपालगंज में गृहमंत्री के आगमन को लेकर क्षेत्र में उत्साह है। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि बिहार में एनडीए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में चुनाव लड़ेगा और बहुमत से जीतेगा। उन्होंने कहा कि बिहार में हर दिशा में विकास हुआ है। स्वास्थ्य, शिक्षा, बिजली, पानी और सड़क के क्षेत्र में काम हुआ है। राम जानकी पथ का निर्माण एक बड़ी उपलब्धि है।

इस मौके पर भाजपा नेता बिरेंद्र सिंह, सियाराम प्रसाद, मुकेश कुमार और पूर्व जिला पार्षद नागेंद्र उपाध्याय मौजूद रहे।