पृथ्वी दिवस पर जुआफर में बनी मानव श्रृंखला
भगवानपुर हाट(सीवान)प्रखंड के जुआफर गांव में मंगलवार को विश्व पृथ्वी दिवस पर मिरजुमला पैक्स की ओर से मानव श्रृंखला बनाई गई। इसका उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण और पृथ्वी की रक्षा को लेकर लोगों को जागरूक करना था। आयोजन मिरजुमला पैक्स अध्यक्ष और व्यापार मंडल अध्यक्ष बबन तिवारी के नेतृत्व में हुआ।

बबन तिवारी ने बताया कि वर्ष 2025 को अंतरराष्ट्रीय सहकारिता वर्ष के रूप में मनाया जाएगा। इसी क्रम में विभागीय निर्देश के तहत प्रखंड स्तर पर जागरूकता अभियान चलाया गया। इसमें मानव श्रृंखला, स्वच्छता सहकार अभियान और पर्यावरण संरक्षण को लेकर कार्यक्रम हुए।

इस मौके पर बबन तिवारी ने मिरजुमला पैक्स द्वारा किसानों के हित में चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मिरजुमला पैक्स को उत्कृष्ट कार्यों के लिए पिछले महीने जिला स्तर पर पहला पुरस्कार मिला है। यह पुरस्कार पटना में बिहार सरकार के सहकारिता मंत्री डॉ. प्रेम कुमार ने दिया।

मानव श्रृंखला में पैक्स अध्यक्ष बबन तिवारी के साथ प्रबंधक राजू तिवारी, बीसीओ राकेश कुमार, स्थानीय लालबाबू साह, मंसूर आलम, किशोर कुमार और अन्य गणमान्य लोग शामिल हुए।