न्यायाधीश अंजनी कुमार शरण ने विद्यालय में किए कई उद्घाटन
दरभंगा(बिहार)पटना उच्च न्यायालय के न्यायाधीश सह निरीक्षी न्यायाधीश दरभंगा न्यायमंडल अंजनी कुमार शरण ने आदर्श मध्य विद्यालय लहेरियासराय में कई कार्यक्रमों का उद्घाटन किया। उन्हें पाग और चादर देकर सम्मानित किया गया। दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम की शुरुआत की। किलकारी की बालिकाओं ने स्वागत गान प्रस्तुत किया।

बिहार दिवस 2025 के अवसर पर विद्यालय के खेल मैदान, चारदीवारी आदि का जीर्णोद्धार किया गया। विद्यालय भवन को आकर्षक ढंग से सजाया गया। न्यायाधीश अंजनी कुमार शरण ने जल जीवन हरियाली के तहत पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने टीचर लर्निंग मेथड का अवलोकन किया। कहा कि अब बच्चों को आधुनिक विधियों से पढ़ाया जा रहा है।
न्यायाधीश शरण 1972-75 में इसी विद्यालय के विद्यार्थी रहे थे। उन्होंने अपने छात्र जीवन के अनुभव साझा किए। कहा कि सरकारी विद्यालयों की व्यवस्था पहले से बेहतर हुई है। शिक्षक मन से पढ़ाएं। भाषा बाधा नहीं बनती। बच्चे मन लगाकर पढ़ेंगे तो ऊंचाइयों तक पहुंचेंगे।
उन्होंने किलकारी के स्टॉल का निरीक्षण किया। शिक्षकों और अधिकारियों को बच्चों की पढ़ाई को लेकर जरूरी सुझाव दिए। जिला सत्र न्यायाधीश विनोद कुमार तिवारी ने कहा कि टीएलएम पढ़ाई के लिए महत्वपूर्ण है। शिक्षक बेहतर शिक्षण कार्य करें। विद्यार्थी मेहनत करेंगे तो सफलता मिलेगी।
कार्यक्रम के अंत में दरभंगा प्रमंडल के आयुक्त सचिव सत्येंद्र कुमार ने धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर विशेष न्यायाधीश, एडीजे-1, सीजीएम, अपर समाहर्ता अनिल कुमार, जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी राकेश रंजन, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, शिक्षक-शिक्षिकाएं सहित कई अधिकारी उपस्थित थे।

