मलेरिया दिवस कल, थीम- मलेरिया हमारे साथ समाप्त होता है
सिवान:विश्व मलेरिया दिवस कल जिले में मनाया जाएगा। इस बार की थीम है- “मलेरिया हमारे साथ समाप्त होता है: पुनर्निवेश, पुनर्कल्पना, पुनर्जीवन”। स्वास्थ्य विभाग ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। सिविल सर्जन डॉ. श्रीनिवास प्रसाद ने बताया कि मलेरिया एक जानलेवा बीमारी है। यह मादा एनाफिलीज मच्छर के काटने से होता है। मच्छर प्लाजमोडियम परजीवी से संक्रमित होता है। इसके काटने से परजीवी शरीर में प्रवेश कर जाता है।

डॉ. प्रसाद ने कहा कि मलेरिया को जड़ से खत्म करने के लिए लोगों में जागरूकता जरूरी है। इसके लिए जिलेवासियों की मदद ली जाएगी। विभागीय अधिकारियों को निर्देश दे दिए गए हैं। इसमें एसीएमओ, सीडीओ, एनसीडीओ, डीआईओ, सदर अस्पताल के अधीक्षक, डीपीएम, डीएम एंड ईओ, डीपीसी और सभी स्वास्थ्य केंद्रों के अधिकारी शामिल हैं।

जिला वेक्टर जनित रोग नियंत्रण पदाधिकारी डॉ. ओम प्रकाश लाल ने बताया कि मलेरिया से बचाव के लिए मच्छरदानी का प्रयोग, कीटनाशक दवा का छिड़काव और आसपास की गंदगी व जल जमाव को खत्म करना जरूरी है। इसके लिए जिला, प्रखंड और पंचायत स्तर पर जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। जीविका समूह की महिलाएं ग्राम संगठनों में बैठक कर मलेरिया और उसके बचाव पर चर्चा करेंगी।

जिले के सभी स्कूलों में शिक्षक छात्रों से मलेरिया पर निबंध लेखन, चित्रांकन और प्रभात फेरी करवाएंगे। पंचायतों में मुखिया और वार्ड सदस्य ग्राम सभा कर समुदाय को मलेरिया से बचाव की जानकारी देंगे। सभी स्वास्थ्य केंद्रों की आशा कार्यकर्ता अपने क्षेत्र में रैली निकालेंगी।

वेक्टर जनित नियंत्रण पदाधिकारी विकास कुमार ने बताया कि हर साल की तरह इस बार भी मलेरिया दिवस मनाया जा रहा है। इस बार की थीम “Malaria Ends with US: Reinvest, Reimagine, Reignite” है। इसके तहत सदर अस्पताल सहित सभी स्वास्थ्य संस्थानों पर प्रचार-प्रसार और जागरूकता कार्यक्रम होंगे। विभागों के समन्वय से यह आयोजन किया जाएगा।