हुनरमंद महिलाओं को मिला प्रमाण पत्र, कपड़ों की प्रदर्शनी भी लगी
छपरा:ठाकुरबाड़ी महिला विकास कल्याण समिति के साधनापूरी स्थित शाखा कार्यालय में निःशुल्क कटिंग और टेलरिंग सेंटर की स्थापना के एक वर्ष पूरे होने पर समारोह हुआ। इस मौके पर सफल प्रशिक्षणार्थियों को प्रमाण पत्र दिए गए। कार्यक्रम में संस्था की संरक्षिका अंशु सिंह ने कहा कि युवतियों और महिलाओं को हुनरमंद बनाना संस्था का मुख्य लक्ष्य है। आज के समय में हर किसी को आत्मनिर्भर बनने के लिए कोई न कोई हुनर सीखना जरूरी है। एक बार पारंगत हो जाने पर रोजगार के कई अवसर मिलते हैं। इससे महिलाएं अपने परिवार को बेहतर भविष्य दे सकती हैं।

संस्था प्रमुख डॉ. अंजु सिंह ने सभी प्रशिक्षणार्थियों को उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि लक्ष्य की प्राप्ति के लिए लगातार प्रयास जरूरी है। उन्होंने ‘अप दीपो भव’ का उदाहरण देते हुए खुद का दीपक स्वयं बनने की प्रेरणा दी। कार्यक्रम का संचालन अरिजीत सिंह ने किया।

इस अवसर पर युवतियों और महिलाओं द्वारा बनाए गए कपड़ों की प्रदर्शनी भी लगाई गई। उपस्थित लोगों ने प्रदर्शनी की सराहना की। उन्होंने कहा कि संस्था साधारण परिवार की महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने में अहम भूमिका निभा रही है।

संस्था की संरक्षिका अंशु सिंह ने प्रमाण पत्र वितरित किए। प्रमाण पत्र पाने वालों में सुरभि कुमारी, अंजली कुमारी, अफसाना खातून, सपना कुमारी, रजनी कुमारी, पिंकी कुमारी, संगीता देवी, साल्टी गुप्ता, निकिता कुमारी, सोनी देवी सहित कई महिलाएं और युवतियां शामिल रहीं। प्रशिक्षिका मणि शाही और प्रीति शाही के साथ दर्जनों महिलाएं और लड़कियां मौजूद रहीं।