Homeदेशबिहारलापरवाही

दिघवारा-अवतारनगर थानों का औचक निरीक्षण, चालक निलंबित

छपरा:वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ.कुमार आशीष, सारण ने 16 जून की रात दिघवारा और अवतारनगर थानों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण रात 8 बजे से 10 बजे तक चला। इस दौरान थाना परिसर की सफाई, अभिलेखों का संधारण, मालखाना व्यवस्था, लंबित मामलों की स्थिति और अपराध नियंत्रण के उपायों की समीक्षा की गई। आवेदन पंजी, आगंतुक पंजी, महिला हेल्प डेस्क पंजी और रनिंग रजिस्टर का भी अवलोकन किया गया।

दिघवारा थाना निरीक्षण में थानाध्यक्ष और अपर थानाध्यक्ष को छोड़कर कोई अन्य पदाधिकारी मौजूद नहीं मिला। गश्ती व्यवस्था भी संतोषजनक नहीं पाई गई। इस पर थानाध्यक्ष को निर्देश दिए गए हैं।

अवतारनगर थाना में आम लोगों द्वारा दिए गए कई आवेदन पंजी में लंबित मिले। इन पर थानाध्यक्ष ने कोई कार्रवाई नहीं की थी। आवेदन पंजी में अनियमितता मिलने पर एसएसपी ने पंजी जब्त कर लिया। थानाध्यक्ष का वेतन रोकते हुए स्पष्टीकरण मांगा गया है।

रात में वाहन चेकिंग के लिए वायरलेस से दिए गए निर्देशों के अनुपालन की जांच में अवतारनगर थाना का गश्ती वाहन चालक मनोज कुमार साह ड्यूटी के दौरान सोता मिला। इस लापरवाही पर एसएसपी ने उसे तत्काल निलंबित कर लाइन हाजिर कर दिया। साथ ही स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया गया है।