Homeदेशबिहारराजनीति

तेजस्वी ही चेहरा, सीटों पर भी कोई विवाद नहीं: राजद

पटना:आगामी बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर इंडिया गठबंधन की अहम बैठक शनिवार को तेजस्वी यादव के 1, पोलो रोड स्थित घर पर हुई। बैठक में राजद ने दावा किया कि महागठबंधन में तेजस्वी यादव के चेहरे पर सभी दल एक साथ हैं। उन्हें मुख्यमंत्री पद का चेहरा मानने पर कोई विवाद नहीं है। सीट शेयरिंग को लेकर भी कोई मनमुटाव नहीं है।

बैठक की शुरुआत समन्वय समिति की मीटिंग से हुई। इसके बाद सभी उप समितियों की बैठकें हुईं। करीब 4 घंटे तक चली मैराथन बैठक में चुनावी रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई। उप समिति ने कोऑर्डिनेशन कमिटी को अपनी रिपोर्ट सौंपी। तय हुआ कि चुनाव आयोग के मतदाता गहन पुनरीक्षण अभियान को लेकर महागठबंधन गांव-गांव जाएगा।

राजद प्रवक्ता शक्ति यादव ने कहा कि एनडीए सरकार के पास कोई योजना नहीं है। उन्होंने कहा कि सत्ताधारी गठबंधन में जिसे जो सीट मिले, वही ले लेता है। मगर महागठबंधन में आंतरिक लोकतंत्र है। सभी दलों को सम्मानजनक सीटें दी जाएंगी। उन्होंने कहा कि तेजस्वी के नेतृत्व पर कोई संशय नहीं है। एनडीए सरकार उनके संकल्प से घबराई हुई है। विपक्षी गठबंधन अपने संकल्प से पीछे नहीं हटेगा।

राजद सांसद अभय कुशवाहा ने कहा कि मतदाता पुनरीक्षण के मुद्दे पर सभी दल एकजुट हैं। उन्होंने नीतीश सरकार पर अपराध बढ़ने का आरोप लगाया। कहा कि सरकार में बैठे लोग अपनी सीटों की चिंता करें। महागठबंधन में सीट और मुख्यमंत्री k चेहरे को लेकर कोई भ्रम नहीं है।

कांग्रेस नेता अभय दुबे ने भी कहा कि महागठबंधन में सीटों को लेकर कोई भ्रम नहीं है। सभी दल एकजुट हैं। विकासशील इंसान पार्टी के प्रवक्ता देव ज्योति ने कहा कि अगर बिहार में महागठबंधन की सरकार बनी तो 60 दिनों के भीतर कानून व्यवस्था में सुधार किया जाएगा।