मशाल यात्रा का सिवान में भव्य स्वागत, सांस्कृतिक कार्यक्रम भी
सिवान:खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025 के तहत राज्य के सभी जिलों में भ्रमण कर रही मशाल यात्रा रविवार को सिवान पहुंची। डॉ. अंबेडकर भवन में सुबह 11 बजे जिला पदाधिकारी के नेतृत्व में जिला प्रशासन ने मशाल यात्रा का भव्य स्वागत किया। एनसीसी कैडेट्स ने गार्ड ऑफ ऑनर दिया। मशाल को संवाद कक्ष में लाया गया।

यहां स्वागत समारोह में जिला पदाधिकारी और अन्य अधिकारियों ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया। जिला खेल पदाधिकारी उपेंद्र कुमार यादव ने अपने भाषण में बताया कि राष्ट्रीय स्तर की यह प्रतियोगिता पहली बार बिहार में हो रही है। यह 4 मई से 15 मई तक पटना, बेगूसराय, गया, नालंदा और भागलपुर में आयोजित होगी। उन्होंने मशाल यात्रा दल का जोरदार स्वागत किया।

जिला पदाधिकारी ने कहा कि बिहार में खेल के लिए आधारभूत संरचनाओं का निर्माण तेजी से हो रहा है। पंचायत स्तर पर खेल मैदान बनाए जा रहे हैं। बास्केटबॉल, वॉलीबॉल, बैडमिंटन कोर्ट और रनिंग ट्रैक तैयार हो रहे हैं। सिवान जिले में प्रखंड स्तर पर स्टेडियम का निर्माण हो रहा है। तीन प्रखंडों में स्टेडियम बनकर तैयार हैं। बाकी प्रखंडों में भी जल्द काम पूरा होगा।

जिला स्तर पर तीन बहुउद्देशीय हॉल बनाए जाएंगे। एक भैंसाखाल, जीरादेई में, दूसरा श्रीनगर कॉलोनी में और तीसरा जवाहर नवोदय विद्यालय में बनेगा। भैंसाखाल, जीरादेई में 8 करोड़ की लागत से अंतरराष्ट्रीय स्तर का स्विमिंग पूल भी बनेगा। इसके लिए निविदा की अंतिम प्रक्रिया चल रही है।
पंचायत स्तर पर खेल मैदान, प्रखंड स्तर पर स्टेडियम और जिला स्तर पर मल्टीपरपस हॉल बनने से खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं मिलेंगी। आज खेल के जरिए हजारों लोग सम्मान के साथ जीवन जी रहे हैं। बिहार सरकार “मेडल लाओ, नौकरी पाओ” योजना चला रही है। इससे खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ा है। खेलो इंडिया के तहत राष्ट्रीय स्तर पर सफल खिलाड़ियों को हर साल 5 लाख रुपए प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। ताकि वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं की तैयारी कर सकें।
“ज्ञान की धरती से खेल क्रांति तक” के स्लोगन के साथ बिहार खेल के क्षेत्र में भी आगे बढ़ रहा है। जिला पदाधिकारी ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में इकरा पब्लिक स्कूल के बच्चों ने नृत्य प्रस्तुत किया। भारतीय मार्शल आर्ट गुरुकुल के बच्चों ने आत्मरक्षा कौशल का प्रदर्शन किया। महावीरी स्कूल के छात्र-छात्राओं ने योग और पिरामिड का आकर्षक प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में जिला स्तरीय अधिकारी और विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

