गोपालगंज में किन्नरों के अधिकारों पर कार्यशाला, प्रमाण पत्र निर्गत करने पर जोर
गोपालगंज:समाहरणालय सभा कक्ष में जिला पदाधिकारी प्रशांत कुमार सीएच की अध्यक्षता में ट्रांसजेंडर व्यक्तियों के अधिकारों और 2019 के अधिनियम के प्रावधानों पर जागरूकता कार्यशाला हुई। बैठक में जिला स्तरीय अधिकारी, सिविल सर्जन बिरेन्द्र प्रसाद, जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव अनुप कुमार उपाध्याय, बाल कल्याण समिति की अध्यक्ष साक्षी कुमारी, पुलिस उपाधीक्षक विजय कुमार मिश्रा, शिक्षा विभाग के जिला कार्यक्रम पदाधिकारी ब्रजेश कुमार, सामाजिक कार्यकर्ता डिम्पल यास्मीन और बिहार राज्य किन्नर कल्याण बोर्ड की सदस्य मौजूद रहीं।
सहायक निदेशक, जिला बाल संरक्षण इकाई ने बैठक में शामिल किन्नर प्रतिनिधियों प्रीति किन्नर, रामदर्शन प्रसाद उर्फ मुन्ना किन्नर, बरखा किन्नर, सानिया किन्नर और पायल किन्नर का स्वागत किया। उन्हें पौधा देकर सम्मानित किया गया। सहायक निदेशक प्रशांत मिश्रा ने कार्यशाला के विषय और ट्रांसजेंडर प्रोटेक्शन सेल की सेवाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जिले में अब तक चार ट्रांसजेंडर प्रमाण पत्र जारी किए गए हैं।

जिला पदाधिकारी ने अधिकारियों और किन्नर प्रतिनिधियों को प्रमाण पत्र निर्गत करने के लिए विशेष प्रयास करने को कहा। किन्नरों ने वोटर कार्ड को लेकर सवाल किया। इस पर जिला पदाधिकारी ने प्रखंड स्तर पर विशेष कैंप लगाने और अन्य सहायता देने का आश्वासन दिया। उन्होंने किन्नरों से बिहार सरकार की सेवाओं में पिछड़ा वर्ग कोटे के आरक्षण का लाभ लेने का आग्रह किया।
जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव ने ट्रांसजेंडर व्यक्तियों को विधिक सहायता लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने सितारा 2023 योजना की जानकारी दी। डिम्पल यास्मीन ने किन्नरों से जुड़ी आगे की योजनाओं पर चर्चा की। जिला पदाधिकारी ने ट्रांसजेंडर प्रोटेक्शन सेल और सुविधा केंद्र की जानकारी दी। उन्होंने सभी किन्नरों से पहचान पत्र और प्रमाण पत्र बनवाने की अपील की।
कार्यक्रम में ट्रांसजेंडर पायल किन्नर को ट्रांसजेंडर पहचान पत्र दिया गया।

