Homeदेशधर्मबिहार

मुहर्रम पर 128 स्टैटिक दंडाधिकारी, 31 गश्ती दल तैनात

बक्सर:मुहर्रम पर्व 2025 के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए शुक्रवार को समाहरणालय सभाकक्ष में जिला दंडाधिकारी डॉ. विद्या नन्द सिंह और पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने संयुक्त ब्रीफिंग की। इसमें प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी और पुलिस पदाधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए गए।

मुहर्रम के लिए 128 स्टैटिक दंडाधिकारी, 31 गश्ती दल दंडाधिकारी और 2 जोनल दंडाधिकारी तैनात किए गए हैं। सभी थानाध्यक्ष, अंचलाधिकारी और प्रखंड विकास पदाधिकारी को निर्देश दिया गया है कि वे अपने क्षेत्रों में गुप्त सूचनाएं जुटाएं। खुद भी भ्रमण कर स्थिति का जायजा लें। किसी भी तरह की अशांति की सूचना तुरंत संबंधित अधिकारियों को दें।

अखाड़ा और करबला पर एक दिन पहले Anti Sabotage जांच पूरी कर बल की तैनाती सुनिश्चित की जाएगी। अनुमंडल पदाधिकारी और पुलिस पदाधिकारी को निर्देश दिया गया है कि आयोजन समितियों और स्वयंसेवकों की सूची मोबाइल नंबर सहित तैयार कर सत्यापित करें। यह सूची थानाध्यक्ष और जिला नियंत्रण कक्ष को भी दी जाएगी।

ताजिया और जुलूस के लिए समितियों को लाइसेंस अनिवार्य होगा। बिना लाइसेंस कोई जुलूस नहीं निकलेगा। हर लाइसेंस में कम से कम 20 वॉलंटियर्स के नाम दर्ज होंगे। लाइसेंसधारी की पहचान भी सुनिश्चित की जाएगी। जुलूस का स्कॉट थानाध्यक्ष तय करेंगे। वीडियोग्राफी की जिम्मेदारी अनुमंडल पदाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी और थानाध्यक्ष की होगी।

बक्सर में सराय फाटक से जमुना चौक तक मार्ग को अतिक्रमण मुक्त कर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। भवन प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता को ड्रॉप गेट लगाने का निर्देश दिया गया है। सिविल सर्जन को सभी चिकित्सकों को ड्यूटी पर रहने का आदेश दिया गया है। अस्पतालों में 24 घंटे डॉक्टर, दवाएं, ऑक्सीजन और चिकित्सा सुविधा उपलब्ध रहेगी। ब्लड बैंक में पर्याप्त रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी। प्रमुख अखाड़ा स्थलों पर एम्बुलेंस और फर्स्ट एड की व्यवस्था रहेगी।

विद्युत आपूर्ति प्रमंडल को सभी मार्गों में लटके तारों की जांच कर प्रमाण-पत्र देने का निर्देश दिया गया है। लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण और नगर निकाय को पेयजल आपूर्ति और सफाई व्यवस्था बनाए रखने को कहा गया है। अग्निशमन विभाग को बक्सर और डुमराँव थानों पर एक-एक फायर ब्रिगेड वाहन रखने का निर्देश दिया गया है।

मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी को जिला अस्पताल, अनुमंडलीय अस्पताल और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में डॉक्टरों को दवाओं के साथ तैयार रखने को कहा गया है। एम्बुलेंस भी तैयार हालत में रहेंगी। इसकी सूचना अनुमंडल पदाधिकारी और जिला नियंत्रण कक्ष को दी जाएगी।

सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी और पुलिस बल को समय पर अपने स्थान पर पहुंचने और सतर्क रहने का निर्देश दिया गया है। गश्ती दल लगातार पेट्रोलिंग करेंगे। साइबर थाना और अनुमंडल पुलिस अधिकारी सोशल मीडिया पर नजर रखेंगे और जरूरत पड़ने पर कार्रवाई करेंगे।

जिला नियंत्रण कक्ष, बक्सर समाहरणालय परिसर स्थित जिला आपदा शाखा के चिन्हित भवन में कार्यरत रहेगा। इसका दूरभाष नंबर 06183-223333 है।