Homeकृषिदेशबिहार

पश्चिमी गंडक नहर से 4.78 लाख हेक्टेयर भूमि होगी सिंचित

पटना:जल संसाधन विभाग के प्रधान सचिव संतोष कुमार मल्ल की अध्यक्षता में सिंचाई भवन में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक हुई। इसमें सिवान परिक्षेत्र की 50 करोड़ से अधिक राशि की योजनाओं की समीक्षा की गई। बैठक में पश्चिमी गंडक नहर प्रणाली के पुनर्स्थापन योजना पर विस्तार से चर्चा हुई। यह योजना सारण मुख्य नहर और इसकी वितरण प्रणाली से जुड़ी है। इसे आठ नहर प्रमंडलों में लागू किया जा रहा है। इससे 4.78 लाख हेक्टेयर भूमि की सिंचाई क्षमता मजबूत होगी।

बैठक में नौ प्रमुख नहर प्रणालियों की प्रगति की समीक्षा की गई। इनमें कटैया शाखा नहर, छपिया उप शाखा नहर, दुलारपुर वितरणी, गोपालगंज वितरणी, मढ़ौरा शाखा नहर, चांदपुर वितरणी, हथुआ शाखा नहर और महाराजगंज उप शाखा नहर शामिल हैं। कार्यों की धीमी गति पर प्रधान सचिव ने नाराजगी जताई। कई संवेदकों से स्पष्टीकरण मांगा। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी कार्य समय पर और गुणवत्ता के साथ पूरे हों। योजनाओं में अनावश्यक देरी किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। समयावृद्धि नहीं दी जाएगी।

बैठक में अपर सचिव पवन कुमार सिन्हा, मुख्य अभियंता ब्रजेश मोहन, मुख्य अभियंता एजाज कलीम, विभागीय पदाधिकारी, अधीक्षण अभियंता, कार्यपालक अभियंता और संबंधित संवेदक मौजूद रहे।