पुलिस पर हमला करने वाले दो कुख्यात समेत 5 गिरफ्तार
सारण:जिले के सोनपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने विशेष छापेमारी कर पुलिस पर हमला, रंगदारी, अपहरण और गंभीर मारपीट जैसे मामलों में वांछित दो कुख्यात अपराधियों समेत कुल पांच को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में रामजी राय और नुनु सिंह शामिल हैं। दोनों के खिलाफ सारण जिले में पहले से आधा-आधा दर्जन आपराधिक मामले दर्ज हैं।

28 जून 2025 को समकालीन अभियान के तहत की गई इस कार्रवाई में रामजी राय को गिरफ्तार किया गया। वह पुलिस पर हमले और रंगदारी के कई मामलों में वांछित था। वहीं नुनु सिंह को श्यामबाबू चौधरी उर्फ कचकच, संजीत कुमार और आनंद कुमार के साथ अवैध शराब के कारोबार में रंगे हाथ पकड़ा गया। इनके खिलाफ सोनपुर थाना कांड संख्या 632/25, दिनांक 28.06.25, धारा 30 (ए) बिहार मद्यनिषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

गिरफ्तार रामजी राय, जैतिया गांव का निवासी है। उसके खिलाफ सोनपुर थाना में 6 मामले दर्ज हैं। इनमें 22 मार्च 2001 को दर्ज कांड संख्या 51/01, 20 जुलाई 2019 को दर्ज कांड संख्या 515/19, 1 जनवरी 2020 को दर्ज कांड संख्या 03/20, 21 दिसंबर 2022 को दर्ज कांड संख्या 985/22, 8 मई 2000 को दर्ज कांड संख्या 76/2000 और 14 मार्च 2025 को दर्ज कांड संख्या 217/25 शामिल हैं। इन मामलों में उस पर हत्या की कोशिश, अपहरण, आर्म्स एक्ट और अन्य गंभीर धाराएं लगी हैं।

नुनु सिंह, परवेजाबाद गांव का निवासी है। उसके खिलाफ भी सोनपुर थाना में 6 मामले दर्ज हैं। इनमें 15 मई 2018 को दर्ज कांड संख्या 434/18, 1 जून 2018 को दर्ज कांड संख्या 509/18, 28 जून 2020 को दर्ज कांड संख्या 502/20, 14 जनवरी 2023 को दर्ज कांड संख्या 37/23, 21 दिसंबर 2022 को दर्ज कांड संख्या 985/22 और 28 जून 2025 को दर्ज कांड संख्या 632/25 शामिल हैं। इन मामलों में भी उस पर हत्या की कोशिश, मारपीट, रंगदारी और आर्म्स एक्ट की धाराएं लगी हैं।
अन्य तीन गिरफ्तार आरोपियों में श्यामबाबू चौधरी उर्फ कचकच, संजीत कुमार और आनंद कुमार शामिल हैं। इनका आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है।
पुलिस ने इनके पास से दो दोपहिया वाहन, दो मोबाइल और 1.5 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब जब्त की है।