मुख्यमंत्री मत्स्य किट से 41 विक्रेताओं को मिला रोजगार
मोतिहारी:जिला मत्स्य कार्यालय परिसर में गुरुवार को मुख्यमंत्री मत्स्य विपणन किट (ग्रामीण) का वितरण किया गया। 41 मत्स्य विक्रेताओं को यह किट दी गई। कार्यक्रम का आयोजन जिला मत्स्य पदाधिकारी डॉ. नूतन की देखरेख में हुआ।

इस योजना का उद्देश्य ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में सड़क किनारे, चौक-चौराहों, बाजार और हाट में मछली बेचने वाले विक्रेताओं को लाभ देना है। किट से मछली की स्वच्छ बिक्री सुनिश्चित होगी। इससे रोजगार के नए अवसर मिलेंगे। मत्स्य व्यवसायियों की सालाना आमदनी भी बढ़ेगी।

कार्यक्रम में उमरावती देवी, मंत्री मत्स्यजीवी सहयोग समिति आदापुर, रविन्द्र सहनी, मंत्री मत्स्यजीवी सहयोग समिति पीपराकोठी, सुरेन्द्र सहनी, मंत्री मत्स्यजीवी सहयोग समिति घोड़ासहन, रविन्द्र सहनी, मंत्री मत्स्यजीवी सहयोग समिति संग्रामपुर, नागेन्द्र यादव, पूर्व प्रमुख घोड़ासहन, प्रो. शिवशंकर निषाद और मो. जमशेद आलम केसरिया मौजूद रहे।

किट में छतरी, कटर, स्क्रबर, तराजू, बटखरा, तारपोलिन सीट, प्लास्टिक बाल्टी, मग, फेका जाल, प्लास्टिक क्रेट, एप्रन, मनीबैग, ग्लव्स और डस्टबिन शामिल हैं। संग्रामपुर प्रखंड के मत्स्य विक्रेताओं को यह किट दी गई।
एक किट की लागत 19 हजार रुपये है। इसमें 70 प्रतिशत राशि सरकार द्वारा दी जाती है। 30 प्रतिशत लाभुक को खुद खर्च करनी होती है। कार्यक्रम को सफल बनाने में मत्स्य प्रसार पदाधिकारी, मत्स्य विकास पदाधिकारी और कार्यालय कर्मियों का सहयोग रहा।