Homeदेशबिहारविविध

सारण की स्थापना तिथि अब तक रहस्य, समिति कर रही खोज

छपरा:सारण जिले की स्थापना कब हुई, इसका अब तक कोई ठोस प्रमाण नहीं मिला है। न तो राज्य सरकार के गजट में इसका जिक्र है, न ही किसी ऐतिहासिक दस्तावेज में। जिलाधिकारी अमन समीर ने इस तिथि का पता लगाने के लिए प्रयास तेज कर दिए हैं। उन्होंने 10 सदस्यीय समिति बनाई है। गुरुवार को अपने कार्यालय में समिति की बैठक की। सभी सदस्यों से तिथि खोजने को कहा। लेकिन कोई तथ्यात्मक तिथि सामने नहीं आई।

अब जिलाधिकारी ने उप विकास आयुक्त यतेंद्र कुमार पाल को जिम्मेदारी दी है कि वे इस संबंध में जानकारी जुटाएं। यदि स्थापना तिथि नहीं मिलती है, तो जिले में हुई किसी ऐतिहासिक घटना की तिथि को सर्वसम्मति से स्थापना दिवस के रूप में चुना जाएगा। जिलाधिकारी ने कहा कि यह सारण के इतिहास से जुड़ा विषय है, इसलिए इसकी जानकारी जुटाना जरूरी है। स्थापना दिवस समारोह आयोजित करना गौरव का क्षण होगा।

तिथि खोजने के लिए सामान्य शाखा के प्रभारी पदाधिकारी पटना जाएंगे। वे वहां के पुस्तकालयों, अभिलेखागार और अन्य स्रोतों से जानकारी लेंगे। जिलाधिकारी ने इसकी अनुमति दे दी है।

स्थापना दिवस तिथि चयन समिति में उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता सारण, नगर आयुक्त सारण, बंदोबस्त पदाधिकारी सारण, प्रभारी पदाधिकारी सामान्य शाखा, स्थापना उपसमाहर्ता, पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय, प्रोफेसर एचके वर्मा, संजय कुमार और प्रोफेसर सुधीर कुमार सिंह शामिल हैं। प्रोफेसर सुधीर कुमार सिंह जयप्रकाश विश्वविद्यालय के इतिहास विभागाध्यक्ष हैं।