Homeदेशबिहारविविध

योग और मतदान पर बेतिया में भव्य कार्यक्रम, युवाओं ने लिया संकल्प

बेतिया:अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर एमजेके कॉलेज परिसर में योग सह मतदाता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन हुआ। कार्यक्रम का आयोजन पश्चिम चंपारण जिला प्रशासन और महारानी जानकी कुंवर महाविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन से हुई। इसके बाद एक घंटे का सामूहिक योग अभ्यास हुआ। इसमें छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, पदाधिकारियों और गणमान्य लोगों ने भाग लिया।

योग सत्र के बाद जिला स्वीप आइकॉन ने सभी को मतदाता बनने का संकल्प दिलाया। कॉलेज परिसर में मतदाता हस्ताक्षर अभियान और “वोटर सेल्फी” स्टैंड भी लगाया गया। बड़ी संख्या में लोगों ने तस्वीरों के माध्यम से लोकतंत्र के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दिखाई।

जिला पदाधिकारी धर्मेंद्र कुमार ने युवाओं से कहा कि योग केवल शरीर नहीं, मन और समाज को भी स्वस्थ करता है। मतदान लोकतंत्र की दिशा तय करता है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे खुद वोटर बनें और दूसरों को भी प्रेरित करें।

डीआईजी चंपारण प्रक्षेत्र हर किशोर राय ने कहा कि स्वस्थ शरीर और सजग नागरिक, दोनों ही देश की मजबूती के लिए जरूरी हैं। उन्होंने युवाओं से लोकतंत्र में सक्रिय भागीदारी की अपील की।

कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे, सांसद संजय जयसवाल, बिहार सरकार की मंत्री रेणु देवी और लौरिया विधायक विनय बिहारी मौजूद रहे। सभी ने युवाओं से लोकतंत्र को मजबूत करने की अपील की।

कॉलेज के प्राचार्य डॉ. आर. के. चौधरी ने धन्यवाद ज्ञापन में कहा कि कॉलेज ऐसे आयोजनों से युवाओं में सामाजिक जिम्मेदारी और नागरिक चेतना जागृत करता रहेगा।

कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त, अनुमंडल पदाधिकारी, कॉलेज शिक्षक, विद्यार्थी, प्रशासनिक अधिकारी और अन्य गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। सभी ने योग के माध्यम से निरोग जीवन की ओर कदम बढ़ाया और मतदान के महत्व को समझा।

यह आयोजन योग और मतदान जैसे राष्ट्रीय दायित्वों के प्रति जन-जागरूकता का अनोखा संगम बना। कार्यक्रम का संदेश रहा—”योगा से निरोगी जीवन की ओर, मतदान से सशक्त लोकतंत्र की ओर”।