Homeदेशबिहारलापरवाही

बड़े गहने पहन ड्यूटी पर पहुंचीं महिला पुलिस, वेतन रोका

छपरा:वरीय पुलिस अधीक्षक सारण डॉ.कुमार आशीष ने 18 जुलाई को डाक बंगला रोड स्थित तनिष्क ज्वेलर्स के पास तैनात पुलिसकर्मियों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान चार महिला पुलिसकर्मी ड्यूटी के प्रति लापरवाह पाई गईं। इनमें सिपाही प्रीति कुमारी, बीएसएपी अनु कुमारी, दीपाली साह और बिंदु कुमारी शामिल हैं। चारों ने ड्यूटी के दौरान बड़े आकार के गहने पहन रखे थे। साथ ही प्रतिनियुक्त स्थल पर निष्क्रिय भी पाई गईं।

पुलिस मुख्यालय ने पहले ही आदेश जारी कर ड्यूटी के दौरान महिला पुलिसकर्मियों को झुमका, नथिया, चूड़ी जैसे बड़े गहने पहनने पर रोक लगाई थी। यह आदेश पत्र के माध्यम से सभी को भेजा गया था। अपराध गोष्ठी में भी इसका जिक्र किया गया था। इसके बावजूद इन महिला पुलिसकर्मियों ने आदेश की अनदेखी की।

इस लापरवाही को गंभीर मानते हुए चारों का वेतन तत्काल प्रभाव से रोका गया है। विभागीय कार्रवाई के तहत स्पष्टीकरण मांगा गया है। वरीय पुलिस अधीक्षक ने इसे कर्तव्य विमुखता और अनुशासनहीनता बताया है। कहा कि यह पुलिसकर्मी के आचरण के खिलाफ है।