Homeदेशबिहारराजनीतिविविध

मतदाता सूची सुधार में डीलरों से सहयोग मांगा: डीएम अमन समीर

छपरा:पीडीएस डीलर प्रशासन और जनता के बीच की अहम कड़ी हैं। आपकी पहुंच सीधे घरों तक है। यह बात जिलाधिकारी सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी अमन समीर ने कही। वे सदर अनुमंडल के जनवितरण प्रणाली डीलरों के प्रशिक्षण सह उन्मुखिकरण कार्यशाला को संबोधित कर रहे थे। कार्यशाला मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को लेकर आयोजित की गई थी।

डीएम ने कहा कि यह कोई नया काम नहीं है। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर साल में तीन बार अर्हता तिथि को लेकर पुनरीक्षण होता है। इस बार मतदाताओं का सत्यापन भी कराया जा रहा है। बिहार में 2003 में भी गहन पुनरीक्षण हुआ था। बीस साल में कई नाम जुड़े, कुछ अशुद्धियां भी रह गईं। अब उन्हें ठीक कर हेल्दी मतदाता सूची बनानी है।

अभियान के तहत बीएलओ सभी मतदाताओं को प्रीफिल्ड गणना फॉर्म दे रहे हैं। मतदाता को उस पर हस्ताक्षर कर एक दस्तावेज के साथ वापस करना है। डीएम ने कहा कि यह बड़ा अभियान है। इसमें डीलरों से सहयोग की अपेक्षा है। आप कम से कम 200 घरों से जुड़े होते हैं। परिवार के सदस्यों को भी जानते हैं। फॉर्म वितरण और संग्रह में मदद करें। ताकि कोई योग्य मतदाता छूटे नहीं।

बीएलओ के संपर्क में रहें। उन्हें रोज फॉर्म अपलोड करने के लिए प्रेरित करें। डीएम ने बताया कि 2003 की मतदाता सूची ऑनलाइन उपलब्ध है। बीएलओ के पास उसकी हार्ड कॉपी भी है। उसमें जिनके नाम हैं, उनके लिए वही मान्य दस्तावेज होगा। किसी अन्य प्रमाण पत्र की जरूरत नहीं होगी।

डीएम ने चार से पांच दिन में अभियान पूरा कराने में सहयोग की अपील की। जिला आपूर्ति पदाधिकारी कमरे आलम को अन्य अनुमंडलों में भी कार्यशाला कराने का निर्देश दिया। अनुमंडल पदाधिकारी नीतेश कुमार को सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों से अभियान की मॉनीटरिंग और रिपोर्टिंग कराने को कहा।

कार्यक्रम की शुरुआत में उप निर्वाचन पदाधिकारी जावेद इकबाल ने स्वागत किया। उन्होंने अभियान की रूपरेखा, जरूरी तारीखें और मान्य दस्तावेजों की जानकारी दी।