Homeदेशबिहारराजनीति

कम मतदान वाले बूथों पर जागरूकता बढ़ाने का आह्वान

बक्सर:निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी 202-राजपुर (अ.जा.) विधानसभा-सह-भूमि सुधार उप समाहर्त्ता बक्सर सदर की अध्यक्षता में बुधवार को अनुमंडल कार्यालय बक्सर सदर में सभी राजनीतिक दलों के जिला अध्यक्ष, सचिव और प्रखंड अध्यक्षों की बैठक हुई।

बैठक में 1 जनवरी 2025 की अहर्ता तिथि के आधार पर प्रकाशित अंतिम मतदाता सूची की जानकारी दी गई। 200-बक्सर विधानसभा क्षेत्र में कुल मतदाता 3,03,637 हैं। इनमें पुरुष मतदाता 1,56,007, महिला मतदाता 1,47,625 और तृतीय लिंग मतदाता 5 हैं। वहीं 202-राजपुर (अ.जा.) विधानसभा क्षेत्र में कुल मतदाता 3,43,942 हैं। इनमें पुरुष मतदाता 1,76,727, महिला मतदाता 1,67,215 और तृतीय लिंग मतदाता शून्य हैं।

बक्सर विधानसभा क्षेत्र की मतदाता सूची में मार्च में 412 नाम जोड़े गए, 83 नाम हटाए गए और 403 नामों में सुधार हुआ। राजपुर (अ.जा.) विधानसभा क्षेत्र में 761 नाम जोड़े गए, 145 नाम हटाए गए और 511 नामों में सुधार किया गया।

सभी राजनीतिक दलों से B.L.A-1 और B.L.A-2 की सूची उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया। अब तक बक्सर विधानसभा में BJP ने 242, RJD ने 231 और JDU ने 215 B.L.A-2 की सूची दी है। राजपुर (अ.जा.) विधानसभा में BJP ने 329, RJD ने 349 और JDU ने 318 B.L.A-2 की सूची सौंपी है।

कम मतदान प्रतिशत वाले मतदान केंद्रों पर मतदान बढ़ाने के लिए सभी दलों से सहयोग मांगा गया। साथ ही सभी से अपील की गई कि वे अपने स्तर से अधिक से अधिक मतदाताओं को जागरूक करें।

बैठक में सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद थे। अवर निर्वाचन पदाधिकारी बक्सर सदर, नगर परिषद बक्सर के कार्यपालक पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी इटाढ़ी, डुमरांव, राजपुर, चौसा और बक्सर भी बैठक में शामिल हुए।