चुनाव से पहले बिहार कांग्रेस में बदलाव, राजेश कुमार बने प्रदेश अध्यक्ष
पटना:बिहार में कांग्रेस ने बड़ा बदलाव किया है। प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश सिंह को हटा दिया गया है। उनकी जगह कांग्रेस विधायक राजेश कुमार को नया प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है। चुनावी वर्ष में कांग्रेस आलाकमान लगातार अहम फैसले ले रहा है। हाल ही में बिहार प्रभारी बदला गया। फिर कन्हैया कुमार की पदयात्रा कराई गई। अब प्रदेश अध्यक्ष भी बदल दिया गया।

अखिलेश सिंह के नाराज होने की चर्चा लंबे समय से थी। कन्हैया कुमार को बिहार में बिना प्रदेश अध्यक्ष की सहमति के उतारना उन्हें पसंद नहीं आया था। महागठबंधन की कई पार्टियों के साथ कांग्रेस के भी कई नेता कन्हैया कुमार की बिहार में सक्रियता से खुश नहीं थे। अखिलेश सिंह की नाराजगी इतनी बढ़ गई कि 12 मार्च को अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की समीक्षा बैठक तक रद्द करनी पड़ी। अब उन्हें पद से भी हटा दिया गया।
नए प्रदेश अध्यक्ष राजेश कुमार दलित समुदाय से आते हैं। कांग्रेस ने उन्हें कमान देकर कई सियासी समीकरण साधने की कोशिश की है। बिहार में पार्टी को मजबूत करने की जिम्मेदारी नए प्रभारी कृष्णा अल्लावरु को दी गई है। उन्होंने संगठन को मजबूत करने की कवायद शुरू कर दी है।