खेलो इंडिया गेम्स की मशाल नालंदा से रवाना
बिहारशरीफ:खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025 के तहत जागरूकता रथ को गुरुवार को सोगरा हाई स्कूल मैदान से रवाना किया गया। उप विकास आयुक्त श्रीकांत कुंडलिक खांडेकर और अपर समाहर्ता मंजीत कुमार ने हरी झंडी दिखाकर रथ को रवाना किया।

खेलो इंडिया यूथ गेम्स का आयोजन 4 से 15 मई तक राजगीर स्थित खेल अकादमी में होगा। नालंदा जिले में फेंसिंग, हॉकी, वेटलिफ्टिंग, टेबल टेनिस और कबड्डी प्रतियोगिताएं होंगी। इसके अलावा पटना, गया, भागलपुर, बेगूसराय और राजगीर में भी विभिन्न खेलों का आयोजन किया जाएगा।

खेलों के प्रचार-प्रसार और जनजागरूकता के लिए पूरे बिहार में टॉर्च टूर निकाला जा रहा है। नालंदा में रथ के आगमन पर उप विकास आयुक्त ने जिले की ओर से मशाल को सम्मानपूर्वक ग्रहण किया।
सोगरा हाई स्कूल के छात्र-छात्राओं को खेलो इंडिया गेम्स के प्रति प्रेरित किया गया। जिला खेल पदाधिकारी ने कार्यक्रम का सफल आयोजन किया। मौके पर सिविल सर्जन, जिला शिक्षा पदाधिकारी, डीपीओ आईसीडीएस, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, अल्पसंख्यक कल्याण पदाधिकारी समेत कई अधिकारी और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

