Homeदेशसाहित्य

ओड़िशा में विश्व हिंदी परिषद के शैक्षणिक प्रकोष्ठ की अध्यक्ष बनीं मंजुश्री वेदुला

नई दिल्ली:विश्व हिंदी परिषद के महासचिव डॉ. विपिन कुमार ने ओड़िशा इकाई के शैक्षणिक प्रकोष्ठ की अध्यक्ष के रूप में मंजुश्री वेदुला को मनोनीत किया है। परिषद ने उम्मीद जताई है कि वेदुला परिषद के उद्देश्यों को आगे बढ़ाएंगी। हिंदी को देश-विदेश में जन-जन तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाएंगी।

परिषद का उद्देश्य भारतीय भाषाओं के माध्यम से हिंदी को राष्ट्रभाषा के रूप में स्थापित करना है। डॉ. विपिन कुमार, स्तंभकार व परिषद के राष्ट्रीय महासचिव, डीपी मिश्रा और डॉ. नंदकिशोर साह ने वेदुला को इस जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दी हैं। परिषद हिंदी प्रचार-प्रसार के लिए समर्पित वैश्विक संस्था है।

हाल ही में कवि व साहित्यकार विक्रमादित्य सिंह को ओड़िशा प्रांत का अध्यक्ष बनाया गया था। उन्होंने संस्था के विस्तार के तहत मंजुश्री वेदुला को इस पद के लिए राष्ट्रीय टीम को अनुशंसा भेजी थी। टीम ने इसे सहर्ष स्वीकार किया।

डॉ. मंजुश्री वेदुला डीएवी पब्लिक स्कूल, झारसुगुड़ा, ओड़िशा में हिंदी शिक्षिका व विभागाध्यक्ष हैं। उनकी कई पुस्तकें और साझा काव्य संकलन प्रकाशित हो चुके हैं। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पत्र-पत्रिकाओं में उनके आलेख, शोध लेख, कविताएं और बाल कहानियां प्रकाशित होती रहती हैं। वे आकाशवाणी की वार्ताकार हैं। कई मंचों पर काव्य प्रस्तुति दे चुकी हैं। उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर कई पुरस्कार मिल चुके हैं।

वेदुला को इस दायित्व के लिए विक्रमादित्य सिंह, मनीष कुमार पांडेय, पत्रकारों, साहित्यकारों और समाजसेवियों ने बधाई दी है।