झारखंड में मुख्तार अंसारी का शूटर अनुज मुठभेड़ में मारा गया
जमशेदपुर(झारखंड)गोविंदपुर में शनिवार रात करीब 11.45 बजे यूपी एसटीएफ और झारखंड एटीएस की संयुक्त कार्रवाई में मुख्तार अंसारी गिरोह का शूटर अनुज कनौजिया मुठभेड़ में मारा गया। वह ढाई लाख का इनामी था। मुठभेड़ में यूपी एसटीएफ के डीएसपी डीके शाही घायल हो गए। उनके बाएं हाथ में गोली लगी।

उन्हें टाटा मेन हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है।अनुज पिछले पांच साल से फरार था। तीन महीने से यूपी एसटीएफ उसकी तलाश में जमशेदपुर में डटी थी। वह गोविंदपुर के जनता मार्केट स्थित भूमिहार सदन में छिपा था। शनिवार रात वह बाहर गया था।
लौटते ही पुलिस ने उसे घेर लिया। खुद को घिरा देख उसने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में करीब 25 राउंड गोलियां चलीं। इसी दौरान अनुज मारा गया।