पीएम की रैली को लेकर गांव-गांव में जनसंपर्क
सिवान:प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 20 जून को सिवान के जसौली में प्रस्तावित दौरे को लेकर भाजपा और राजग गठबंधन ने पूरी ताकत झोंक दी है। भाजपा विधि प्रकोष्ठ के बिहार प्रभारी और अनुशासन समिति के पूर्व संयोजक अवधेश कुमार पाण्डेय ने महाराजगंज विधानसभा क्षेत्र के दर्जनों गांवों का दौरा किया। उन्होंने ग्रामीणों को प्रधानमंत्री के आगमन की जानकारी दी।

भगवानपुर हाट प्रखंड के माघर, मघरी, सुधरी, भगवानपुर हाट, महमदपुर, मुँदीपुर, मोरा, बिठूना, ब्रह्मस्थान, मछगरा, भीखमपुर, चोरौली, नगवां और मलमलिया गांवों में भ्रमण किया गया। महाराजगंज प्रखंड के अफ़राद, बंगरा, महाराजगंज, पटेढ़ी और चौरासी गांवों में भी जनसंपर्क किया गया।

सार्वजनिक और सामुदायिक स्थलों पर बैठक कर कार्यकर्ताओं से 20 जून को अधिक से अधिक संख्या में जसौली पहुंचने का आग्रह किया गया। अवधेश पाण्डेय ने कहा कि यह चुनावी सभा नहीं है। प्रधानमंत्री सिवान सहित अन्य जिलों को हजारों करोड़ की योजनाओं की सौगात देंगे।

उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के बाद देश का शौर्य बढ़ा है। आत्मनिर्भर भारत की दिशा में देश ने मजबूती से कदम बढ़ाया है। इससे प्रधानमंत्री के प्रति लोगों का भरोसा और प्रेम बढ़ा है।
इस दौरान भाजपा सिवान पूर्वी के उपाध्यक्ष सुजीत कुमार पाण्डेय, भाजपा नेता दारा सिंह, बीरेंद्र सिंह सहित कई अन्य नेता मौजूद रहे।

