Homeखेलदेशबिहार

खेल प्रतिभाओं को मिलेगा मंच, हर पंचायत में बनेगा मैदान

भगवानपुर हाट(सीवान)ग्रामीण खेल संरचनाओं को मजबूत करने की दिशा में जिला प्रशासन ने कदम तेज कर दिए हैं। बुधवार को जिला उप विकास आयुक्त मुकेश कुमार गुप्ता ने प्रखंड के कई पंचायतों में बने खेल मैदानों का निरीक्षण किया। उन्होंने मैदानों की स्थिति देखी और अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए।

निरीक्षण की शुरुआत ब्रह्मस्थान पंचायत के हिलसर कॉलेज में बने खेल मैदान से हुई। इसके बाद वे सोनधानी पंचायत पहुंचे। यहां एसएस उच्च विद्यालय सह इंटर कॉलेज के प्रांगण में बने खेल मैदान को देखा। मैदान की गुणवत्ता और व्यवस्था से डीडीसी संतुष्ट दिखे। पंचायत की मुखिया के प्रतिनिधि मनोज मधुप द्वारा कराए गए कार्यों की उन्होंने सराहना की। कहा, ऐसे प्रयास गांव की प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का मौका देते हैं।

इसके बाद डीडीसी मम्मदपुर पंचायत के रामपुर गांव पहुंचे। यहां हाल ही में बना खेल मैदान देखा। निरीक्षण में पाया गया कि मैदान के चारों ओर बैठने की व्यवस्था नहीं है। शौचालय की भी कमी है। इस पर डीडीसी ने मनरेगा योजना के तहत चारों ओर कुर्सियां लगाने और एक शौचालय बनाने का निर्देश दिया।

डीडीसी ने कहा, खेल मैदान सिर्फ खेलकूद के लिए नहीं होते। ये सामाजिक एकता और स्वास्थ्य के लिए भी जरूरी हैं। जिला प्रशासन का लक्ष्य है कि हर पंचायत में एक मानक खेल मैदान हो। ताकि ग्रामीण युवाओं को भी शहर जैसी सुविधाएं मिल सकें।

निरीक्षण के दौरान बीडीओ कुमार विशाल, प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी, पंचायत प्रतिनिधि और ग्रामीण मौजूद रहे।