Homeदुर्घटनादेशबिहार

तीन मासूमों की डूबने से मौत, गांव में पसरा मातम

भगवानपुर हाट(सीवान)मोरा पकवानटोला गांव में शुक्रवार शाम तीन मासूम दोस्त चिमनी के गड्ढे में डूब गए। तीनों स्नान करने पटहटा चावर स्थित चिमनी के गड्ढे में गए थे। घर से बिना बताए निकले थे। देर शाम तक घर नहीं लौटे तो परिजन खोजबीन में जुटे। गड्ढे के पास तीनों के कपड़े और चप्पल मिले। इसके बाद डूबने की आशंका पर गड्ढे में तलाश शुरू हुई।

रात में एक किशोर का शव मिला। सूचना पर सीओ धीरज कुमार पांडेय और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंचे। पूरी रात दो अन्य बच्चों की तलाश चली। शनिवार सुबह दोनों के शव भी गड्ढे से बरामद हुए। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सीवान भेजा।

मृतकों में रंगीला सिपाही यादव का 10 वर्षीय पुत्र अजीत कुमार, हरिकिशोर राय का 10 वर्षीय पुत्र अमन कुमार और पंकज यादव का 8 वर्षीय पुत्र बृजेश कुमार शामिल हैं। तीनों की मौत से गांव में मातम छा गया। अमन की मां चिंता देवी, बृजेश की मां निर्मला देवी और अजीत की मां अनीता देवी बेसुध हो गईं। परिजनों के चीत्कार से माहौल गमगीन हो गया। आसपास के लोग भी गम में डूबे रहे।

शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद तीनों मासूमों को गांव के श्मशान में दफना दिया गया। एक साथ तीन अर्थियां उठीं। हर आंख नम हो गई। गांव में मातमी सन्नाटा पसर गया। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल था। गांव का हर घर शोक में डूबा रहा। ऐसा मंजर गांववालों ने पहले कभी नहीं देखा था।

जिला पार्षद सुशील कुमार डल्यू, जेडीयू नेता शैलेन्द्र कुमार साह उर्फ धनु भाई, स्थानीय लोग और जनप्रतिनिधि पीड़ित परिवारों को ढाढ़स बंधाने पहुंचे। लेकिन तीनों परिवारों पर जो दुखों का पहाड़ टूटा है, उसे शब्दों में बयां करना मुश्किल है।