भगवानपुर हाट में तीन की तलवार से हत्या, दो घायल; थानाध्यक्ष सस्पेंड
भगवानपुर हाट(सीवान)मालमलिया चौक पर दो पक्षों के बीच बर्चस्व की लड़ाई में तलवारबाजी हुई। इसमें तीन लोगों की मौत हो गई। दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद बाजार में अफरा-तफरी मच गई। दुकानदारों ने अपनी दुकानें बंद कर दीं। सूचना मिलते ही दूसरे पक्ष के लोग पहुंचे। हंगामा किया। एक बाइक में आग लगा दी। पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की।

मृतकों में कौड़ियां वैश्य टोली के सूचित सिंह के पुत्र मुन्ना सिंह, राज नारायण सिंह के पुत्र कन्हैया सिंह और पूर्व मुखिया अखिलेश सिंह के पुत्र रोहित कुमार शामिल हैं। घायलों में सूरज सिंह का पुत्र कारण कुमार और टुनटुन सिंह का पुत्र रौशन शामिल है। दोनों की हालत गंभीर बनी हुई है।

बताया जा रहा है कि 20 से 25 बाइक और स्कॉर्पियो पर सवार अपराधी फरसा और तलवार लेकर पहुंचे थे। हमला कर फरार हो गए। घटना के बाद दो लोगों के लापता होने की भी बात सामने आई है।

घटना की सूचना पर डीआईजी सारण नीलेश कुमार, सीवान डीएम डॉ. आदित्य प्रकाश, सीवान एसपी मनोज कुमार तिवारी, सारण एसपी डॉ. कुमार आशीष, गोपालगंज एसपी अवधेश दीक्षित, महाराजगंज एसडीपीओ राकेश रंजन, एसडीओ अनिता सिन्हा सहित कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची।
डीआईजी नीलेश कुमार ने बताया कि थानाध्यक्ष सुजीत कुमार चौधरी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। अतिरिक्त थानाध्यक्ष को प्रभार सौंपा गया है। उन्होंने कहा कि इस मामले से जुड़े सभी केस की जांच खुद करेंगे। दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई होगी।
घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने शव उठाने से इनकार कर दिया था। सड़क पर बाइक जलाकर प्रदर्शन किया। हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग की। डीआईजी और सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल के आश्वासन के बाद परिजनों ने शव उठाने दिया।