घूंघट से बाहर आईं महिलाएं, समाज में रख रहीं अपनी बात
दरभंगा:महिला संवाद कार्यक्रम में हजारों महिलाओं ने भाग लिया। 18 अप्रैल से शुरू हुए इस कार्यक्रम का आयोजन जिले के सभी प्रखंडों के 36 ग्राम संगठनों में दो पालियों में किया गया। महिलाओं ने खुलकर अपनी समस्याएं रखीं। समाधान के लिए सुझाव भी दिए। जीविका से जुड़ी महिलाओं ने उन महिलाओं को भी बुलाया, जो अब तक समूह से नहीं जुड़ी थीं। इससे गांव की कई महिलाएं पहली बार मंच पर आईं। उन्होंने अपनी बात रखी।

गौड़ाबौराम के बसंत ग्राम संगठन की महिलाओं ने बाढ़ को बड़ी समस्या बताया। उन्होंने इसके स्थायी समाधान और पक्की सड़कों की मांग की। बहेड़ी के पीहू ग्राम संगठन की महिलाओं ने जीविकोपार्जन के लिए अधिक ऋण और ब्याज दरों में कटौती की मांग रखी। हायाघाट के रेशा ग्राम संगठन की महिलाओं ने पशुपालन में सहायता बढ़ाने की जरूरत बताई।

कार्यक्रम में सरकार की महिला सशक्तिकरण योजनाओं की जानकारी दी गई। महिला संवाद रथ के जरिए वीडियो प्रजेंटेशन हुआ। योजनाओं से जुड़े लीफलेट्स भी बांटे गए। कई महिलाओं ने अपने संघर्ष और सफलता की कहानियां साझा कीं। इन कहानियों ने अन्य महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम के अंत में बताया गया कि महिलाओं की समस्याएं और सुझाव संकलित कर संबंधित विभागों को भेजे जाएंगे। ताकि योजनाओं में इन जरूरतों को प्राथमिकता दी जा सके। दरभंगा में यह कार्यक्रम महिलाओं की सोच और समाज में उनके बदलते स्थान का प्रमाण बनकर सामने आया है। महिला संवाद उन्हें जागरूक बना रहा है। साथ ही नेतृत्व की दिशा भी दे रहा है।