Homeदेशबिहार

75 दिन से लंबित दाखिल-खारिज के 29 मामले मिले

बक्सर:अपर समाहर्ता कुमारी अनुपम सिंह ने 28 मार्च 2025 को अंचल कार्यालय चौसा का निरीक्षण किया। निरीक्षण का उद्देश्य राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग, पटना द्वारा जारी निर्देशों के तहत चल रहे कार्यों की समीक्षा करना था। इसमें ऑनलाईन जमाबंदी में अंतिम लगान का विवरण दर्ज करना, मूल जमाबंदी से मिलान कर अशुद्धियों को दूर करना, छूटे जमाबंदी को ऑनलाईन करना, लॉक जमाबंदी को ऑनलॉक करना, सरकारी भूमि का सत्यापन और अभियान बसेरा-2 को सफल बनाना शामिल था।

निरीक्षण के दौरान अंचल अधिकारी, राजस्व अधिकारी, सभी राजस्व कर्मी और कार्यालय कर्मी उपस्थित मिले। समीक्षा में पाया गया कि कार्यों की प्रगति असंतोषजनक है। अपर समाहर्ता ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी लंबित कार्यों की रिपोर्ट 24 घंटे के भीतर दें। जिन कर्मचारियों की प्रगति संतोषजनक नहीं है, उनके खिलाफ अनुशासनिक कार्रवाई का प्रस्ताव देने को कहा गया।

निरीक्षण में यह भी सामने आया कि दाखिल-खारिज के 75 दिनों से अधिक पुराने 29 मामले लंबित हैं। जबकि लगातार निर्देश दिए जा रहे थे कि ऐसे मामलों को शून्य किया जाए। इसे अंचल अधिकारी की घोर लापरवाही माना गया। उनके खिलाफ स्पष्टीकरण मांगा गया है। साथ ही निर्देश दिया गया कि 31 मार्च 2025 तक सभी लंबित मामलों का कैम्प मोड में निष्पादन कर शून्य प्रतिवेदन दें।

भू-लगान वसूली की स्थिति भी खराब पाई गई। निर्धारित लक्ष्य के मुकाबले केवल 34.17 प्रतिशत वसूली हुई है। जबकि 31 मार्च 2025 तक शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करना था। इस पर भी अंचल अधिकारी से स्पष्टीकरण मांगा गया है। साथ ही निर्देश दिया गया कि 31 मार्च के बाद भू-लगान नहीं देने वाले भू-धारियों के खिलाफ नीलाम पत्र वाद दायर करें। निरीक्षण के दौरान प्राथमिकता वाले कार्यों की प्रगति अगली तिथि तक स्पष्ट रूप से दिखने के निर्देश भी दिए गए।