महादलित टोला में डीएम ने किया योजनाओं का निरीक्षण
सिवान(बिहार)जिला पदाधिकारी मुकुल कुमार गुप्ता ने दरौली प्रखंड के बलहु पंचायत स्थित रामनगर महादलित टोला का निरीक्षण किया। उन्होंने सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति जानी। स्थानीय निवासियों से बातचीत कर विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी।
डीएम ने बताया कि एक महीने बाद यहां विशेष कैंप लगेगा। इसमें सभी विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहेंगे। कोई भी व्यक्ति अपनी समस्या या काम के लिए वहां आ सकता है। प्रधानमंत्री आवास योजना के सर्वे की जानकारी ली। उप विकास आयुक्त मुकेश कुमार को निर्देश दिया कि जो लोग काम के सिलसिले में बाहर रहते हैं और होली पर घर आए हैं, उनका नाम भी सर्वे में जोड़ा जाए।
राशन कार्ड से मिलने वाले लाभ की समीक्षा की। छूटे हुए योग्य लाभुकों का नाम जोड़ने को कहा। नवविवाहिताओं का नाम भी राशन कार्ड में जोड़ने के निर्देश दिए। सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के तहत दी जा रही पेंशन की स्थिति जानी। जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग प्रभारी को घर-घर जाकर योजनाओं की जानकारी देने और लाभुकों की वास्तविक स्थिति जानने को कहा।
जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र की उपलब्धता पर चर्चा की। किसी भी समस्या पर सीधे प्रखंड विकास पदाधिकारी से संपर्क करने को कहा। जिला शिक्षा पदाधिकारी को निर्देश दिया कि दलित समुदाय को शिक्षा विभाग की योजनाओं की जानकारी दें। महादलित टोला के बच्चों की शिक्षा सुनिश्चित करने को कहा।

जमीन विवाद की स्थिति जानी। आधार कार्ड और आयुष्मान कार्ड सभी निवासियों के पास हो, यह सुनिश्चित करने को कहा। मनरेगा के तहत मजदूरी के लिए जॉब कार्ड उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। महादलित टोला को मुख्य सड़क से जोड़ने के लिए संपर्क पथ बनाने के निर्देश दिए।
आंगनबाड़ी केंद्र टोला के पास संचालित करने को कहा। सभी घरों में शौचालय की सुविधा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जो महिलाएं जीविका से नहीं जुड़ी हैं, उन्हें जोड़ने के लिए संगठन बनाने को कहा। मुख्यमंत्री सोलर स्ट्रीट लाइट योजना के तहत टोला में सोलर स्ट्रीट लाइट लगाने के निर्देश दिए।
प्रखंड विकास पदाधिकारी और प्रखंड पंचायत राज अधिकारी को पंचायती राज विभाग की सभी योजनाओं का लाभ महादलित टोला के निवासियों को देने को कहा। निरीक्षण के दौरान अपर समाहर्ता, उप विकास आयुक्त, जिला पंचायती राज पदाधिकारी, जिला आपूर्ति पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, भूमि सुधार उपसमाहर्ता, जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग प्रभारी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

