मतदाता सूची अद्यतन पर मुख्य सचिव ने दिए सख्त निर्देश
गोपालगंज:मुख्य सचिव बिहार की अध्यक्षता में 8 जुलाई 2025 को विशेष गहन पुनरीक्षण 2025 की राज्य स्तरीय समीक्षा बैठक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से हुई। बैठक में मतदाता सूची के अद्यतन, डिजिटाइजेशन और दस्तावेज सत्यापन की प्रगति की समीक्षा की गई।

मुख्य सचिव ने निर्देश दिया कि मतदाता गणना प्रपत्र समय पर एकत्र किए जाएं। उनका डिजिटाइजेशन तय समय-सीमा में पूरा हो। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित दस्तावेजों की स्कैन कॉपी अपलोड करना अनिवार्य है।

मुख्य सचिव ने सभी निर्वाचन निबंधन पदाधिकारी (ERO) और सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (AERO) को निर्देशित किया कि वे प्रत्येक फॉर्म के साथ संलग्न दस्तावेजों की जांच सुनिश्चित करें। इससे मतदाता सूची की शुद्धता और पारदर्शिता बनी रहेगी।
बैठक में जिला पदाधिकारी पवन कुमार सिन्हा, उप विकास आयुक्त कुमार निशांत विवेक, उप निर्वाचन पदाधिकारी डॉ. शशि प्रकाश राय सहित संबंधित पदाधिकारी और तकनीकी कर्मी मौजूद रहे।
जिला निर्वाचन कार्यालय, गोपालगंज द्वारा यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि विशेष गहन पुनरीक्षण 2025 के सभी चरण समयबद्ध, पारदर्शी और सटीक तरीके से पूरे हों। जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे समय रहते अपने फॉर्म और दस्तावेज बूथ स्तर अधिकारी (BLO) को उपलब्ध कराएं। ताकि उनका नाम मतदाता सूची में सही रूप से दर्ज हो सके। आम मतदाताओं के लिए ऑनलाइन फॉर्म अपलोड करने की सुविधा भी उपलब्ध है।