केंद्रीय विद्यालय खोलने को लेकर मुख्य सचिव ने की समीक्षा
पटना:मुख्य सचिव बिहार की अध्यक्षता में मंगलवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए केंद्रीय विद्यालयों की स्थापना को लेकर राज्य स्तरीय समीक्षा बैठक हुई। बैठक में राज्य के विभिन्न जिलों में प्रस्तावित केंद्रीय विद्यालयों के लिए भूमि आवंटन, प्रशासनिक स्वीकृति और प्रगति की स्थिति की समीक्षा की गई।

गोपालगंज जिले से जुड़ी समीक्षा के दौरान बताया गया कि विद्यालय की स्थापना के लिए जरूरी भूमि का चयन कर प्रस्ताव राज्य सरकार को भेजा जा चुका है। यह प्रस्ताव फिलहाल राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के माध्यम से मंत्री परिषद की स्वीकृति की प्रक्रिया में है।

बैठक में गोपालगंज के जिलाधिकारी पवन कुमार सिन्हा, उप विकास आयुक्त कुमार निशांत विवेक, जिला शिक्षा पदाधिकारी योगेश कुमार और अन्य अधिकारी शामिल हुए। अधिकारियों ने जिले की वर्तमान स्थिति से मुख्य सचिव को अवगत कराया।
जिला प्रशासन गोपालगंज ने भरोसा दिलाया कि विद्यालय की स्थापना से जुड़ी सभी प्रशासनिक और तकनीकी प्रक्रियाएं तेजी से पूरी की जाएंगी। ताकि जिले के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण और राष्ट्रीय स्तर की शिक्षा मिल सके।