धान रोपनी तेज करने को अफसरों को निर्देश
छपरा:जिलाधिकारी अमन समीर ने मंगलवार को जिला कृषि टास्क फोर्स की बैठक ली। बैठक में सभी अनुमंडल कृषि पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया कि वे अपने कार्य और जिम्मेदारी सही ढंग से निभाएं। कृषि समन्वयकों और राजस्व कर्मचारियों के साथ मिलकर लगातार कैंप लगाएं। फार्मर रजिस्ट्री के काम में तेजी लाएं।

डीएम ने उर्वरक की कालाबाजारी रोकने को सख्त कदम उठाने को कहा। सभी उर्वरक विक्रेताओं की साप्ताहिक जांच करने का निर्देश दिया। स्टॉक रजिस्टर और वितरण की स्थिति की जांच सुनिश्चित करने को कहा।

मानसून को देखते हुए धान की रोपनी बढ़ाने पर जोर दिया गया। इसके लिए नहर प्रमंडल और विद्युत आपूर्ति प्रमंडल के अभियंताओं से समन्वय कर जरूरी कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। डीएम ने कहा कि हर हाल में धान का आच्छादन पूरा कराया जाए।

