Homeदेशराजनीति

मल्लिकार्जुन खरगे बने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष,सोनिया गांधी ने मिलकर दी बधाई

नई दिल्ली: भारी उठापटक के बाद बुधवार कांग्रेस को मल्लिकार्जुन खरगे के रूप में नया अध्यक्ष मिल गया।मल्लिकार्जुन खरगे के अध्यक्ष बनने पर सोनिया गांधी ने मिलकर बधाई दी। सीताराम केसरी के 24 साल बाद कांग्रेस को मल्लिकार्जुन खरगे के रूप में पहला गैर गांधी परिवार से कांग्रेस अध्यक्ष मिल गया है। 80 वर्षीय खरगे ने शशि थरूर को ज्यादा अंतर से अध्यक्ष चुनाव में हराया है। चुनाव से पहले से ही अनुमान लगाया जा रहा था कि खरगे आसानी से चुनाव जीत जाएंगे। खरगे को गांधी परिवार का पूरा समर्थन था। खरगे को 7, 897 मत मिले जबकि थरूर को महज 1,072 मत से ही संतोष करना पड़ा। जबकि 416 मत रद्द कर दिए गए। कुल 9,385 मत पड़े थे।

अध्यक्ष पद के चुनाव के दौरान कांग्रेस के 9,900 में से 9,500 डेलीगेट ने मतदान किया था। कांग्रेस में इससे पहले अध्यक्ष पद के लिए चुनाव 1939, 1950, 1977, 1997 और 2000 में चुनाव हुए थे। 2000 के चुनाव में सोनिया गांधी ने जितेंद्र प्रसाद को पराजित अध्यक्ष पद हासिल किया था। गांधी परिवार से नजदीकी और कई वरिष्ठ नेताओं के सहयोग के चलते खरगे की दावेदारी पहले ही मजबूत मानी जा रही थी। मतदान से पहले सोनिया गांधी ने कहा था कि मैं इस दिन का लंबे समय से इंतजार है।

शशि थरूर ने खरगे से करारी हार को स्वीकार करते हुए पार्टी के नए अध्यक्ष को बधाई दी। थरूर ने कहा कि वह परिणाम को स्वीकार करते हैं। थरूर खरगे को बधाई देने के लिए उनके घर भी पहुंचे थे। गौरतलब है कि मतगणना के दौरान थरूर कैंप ने मतदान में धांधली का मुद्दा उठाया था। हालांकि, कांग्रेस ने इस आरोप को दरकिनार कर दिया था।