दरियापुर में बाइक सवार बदमाशों की फायरिंग में एक की मौत
दरियापुर:शनिवार सुबह करीब 9:30 बजे दरियापुर थाना क्षेत्र के बिसाही गांव में बाइक सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने फायरिंग कर दी। गोलीबारी में संतोष राय और कांग्रेस राय घायल हो गए। दोनों चार पहिया वाहन से घर लौट रहे थे। सूचना मिलते ही दरियापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घायलों को इलाज के लिए परसा पीएचसी में भर्ती कराया गया। वहां से बेहतर इलाज के लिए दोनों को पीएमसीएच पटना रेफर किया गया। इलाज के दौरान संतोष राय की मौत हो गई।

घटनास्थल का निरीक्षण सोनपुर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी और दरियापुर थानाध्यक्ष ने किया। मौके से चार खोखा और तीन जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं। एफएसएल टीम ने भी घटनास्थल की जांच की है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सारण ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी और मामले के खुलासे के लिए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। दरियापुर थाना पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। जल्द ही दोषियों को गिरफ्तार कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल इलाके में शांति बनी हुई है। सारण पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। किसी भी सूचना के लिए नजदीकी थाना या जिला नियंत्रण कक्ष के हेल्पलाइन नंबर 9031036406 पर संपर्क करने को कहा गया है।