हीरो एशिया कप 2025 की मेजबानी करेगा राजगीर
पटना:ऐतिहासिक शहर राजगीर 29 अगस्त से 7 सितंबर 2025 तक हीरो एशिया कप हॉकी टूर्नामेंट की मेजबानी करेगा। सोमवार को हॉकी इंडिया और बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के बीच समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर के साथ इसकी आधिकारिक घोषणा हुई। टूर्नामेंट राजगीर के हाल ही में बने अंतरराष्ट्रीय स्तर के हॉकी स्टेडियम में खेला जाएगा। यह टूर्नामेंट 2026 एफआईएच पुरुष हॉकी विश्व कप के लिए क्वालिफाइंग इवेंट भी होगा। विजेता टीम को सीधे विश्व कप में प्रवेश मिलेगा।

यह राजगीर में होने वाला दूसरा अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजन होगा। इससे पहले नवंबर 2024 में महिला एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी का आयोजन हुआ था, जिसमें भारत विजेता बना था। एशिया कप के 12वें संस्करण में आठ टीमें भाग लेंगी। इनमें भारत, पाकिस्तान, जापान, कोरिया, चीन और मलेशिया शामिल हैं। दो टीमें एएचएफ कप के जरिए क्वालिफाई करेंगी।

दक्षिण कोरिया अब तक पांच बार (1994, 1999, 2009, 2013, 2022) खिताब जीतकर सबसे सफल टीम रही है। भारत ने तीन बार (2003, 2007, 2017) और पाकिस्तान ने भी तीन बार (1982, 1985, 1989) यह टूर्नामेंट जीता है।
बिहार के खेल विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉ. बी. राजेंद्र ने कहा, “राजगीर में एशिया कप की मेजबानी राज्य के लिए गर्व की बात है। यह आयोजन बिहार को खेलों के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करेगा। स्टेडियम अंतरराष्ट्रीय मानकों पर खरा उतरता है। हम एशिया की शीर्ष टीमों का स्वागत करने को तैयार हैं।”
एशियन हॉकी फेडरेशन के अध्यक्ष दातो फुमियो ओगुरा ने कहा, “राजगीर को मेजबान बनाना इस खेल को पारंपरिक केंद्रों से आगे ले जाने की दिशा में बड़ा कदम है। बिहार का नया खेल ढांचा और हॉकी के प्रति उत्साह इस टूर्नामेंट को खास बनाएगा।”
हॉकी इंडिया के अध्यक्ष डॉ. दिलीप तिर्की ने कहा, “राजगीर में एशिया कप का आयोजन भारतीय हॉकी के लिए अहम कदम है। स्टेडियम खिलाड़ियों और दर्शकों को बेहतरीन अनुभव देगा। टूर्नामेंट में जुनून और कौशल से भरे मुकाबले देखने को मिलेंगे।”
हॉकी इंडिया के महासचिव भोला नाथ सिंह ने कहा, “यह टूर्नामेंट एशियाई हॉकी के सर्वश्रेष्ठ खेल को दिखाएगा। बिहार में हॉकी के प्रति बढ़ता उत्साह युवाओं को प्रेरित करेगा।”
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा, “राजगीर में एशिया कप की मेजबानी बिहार के लिए सम्मान की बात है। यह आयोजन राज्य में खेलों को बढ़ावा देने और विश्व स्तरीय ढांचा विकसित करने की हमारी प्रतिबद्धता का प्रमाण है। हम सभी देशों का स्वागत करते हैं और दर्शकों को बिहार में शीर्ष स्तरीय हॉकी देखने का आमंत्रण देते हैं।”

