Homeदेशबिहार

रक्षा पेंशनरों की समस्याओं के लिए स्पर्श कार्यक्रम

बक्सर:जिला समाहरणालय परिसर स्थित सभाकक्ष में सोमवार को स्पर्श जागरूकता कार्यक्रम आयोजित हुआ। कार्यक्रम में जिला पदाधिकारी अंशुल अग्रवाल मौजूद रहे। रक्षा लेखा नियंत्रक पटना हिमांशु शंकर के सौजन्य से यह आयोजन किया गया। इसका उद्देश्य भूतपूर्व सैनिकों, वीर नारियों और विरांगनाओं की पेंशन संबंधी समस्याओं का समाधान करना था।

कार्यक्रम में रक्षा लेखा उप नियंत्रक विजय कुमार, जिला सैनिक कल्याण बोर्ड बक्सर के अधिकारी, रक्षा लेखा प्रधान नियंत्रक (पेंशन) प्रयागराज और रेलेनि पटना से आए अधिकारी-कर्मचारी शामिल हुए। बिहार राज्य पूर्व सैनिक संघ बक्सर और आईईएसएम बक्सर के सहयोग से पेंशनरों और उनके आश्रितों की पेंशन विसंगतियों का समाधान किया गया।

स्पर्श योजना अक्टूबर 2020 में शुरू हुई थी। यह ‘डिजिटल इंडिया’ पहल का हिस्सा है। इसका उद्देश्य देशभर में रहने वाले सशस्त्र बलों के कर्मियों और रक्षा नागरिकों को पेंशन स्वीकृति और वितरण की पारदर्शी और कुशल व्यवस्था देना है।

दूरदराज के इलाकों में रहने वाले भूतपूर्व सैनिकों, वृद्ध महिलाओं और इंटरनेट सुविधा से वंचित लोगों की मदद के लिए रक्षा पेंशन समाधान योजनाएं (RPSA) चलाई जाती हैं। स्पर्श का संचालन रक्षा लेखा विभाग द्वारा प्रयागराज स्थित प्रधान रक्षा लेखा नियंत्रक (पेंशन) के माध्यम से किया जाता है। यह सेना, नौसेना, वायु सेना और संबद्ध संगठनों को सेवाएं देता है।