Homeकृषिदेशबिहार

उर्वरक की कालाबाजारी पर सख्ती, नहर सफाई का निर्देश

गोपालगंज:समाहरणालय सभा कक्ष में मंगलवार को उर्वरक निगरानी समिति की बैठक हुई। अध्यक्षता जिलाधिकारी पवन कुमार सिन्हा ने की। बैठक में उर्वरक की उपलब्धता, कालाबाजारी पर रोक, धान की रोपनी की स्थिति और संभावित सुखाड़ से निपटने की रणनीति पर चर्चा हुई।

जिला कृषि पदाधिकारी ललन कुमार सुमन ने पिछली बैठक की कार्रवाई रिपोर्ट पेश की। उन्होंने बताया कि जिले में उर्वरक की बिक्री पाॅस मशीन से हो रही है। अनुज्ञप्ति धारी विक्रेताओं द्वारा मूल्य सूची नहीं लगाने पर कार्रवाई की गई है। कालाबाजारी रोकने के लिए छापेमारी की गई। उन्होंने बताया कि अब तक 25 से 30 प्रतिशत धान की रोपनी हो चुकी है। बारिश नहीं होने से रोपनी की रफ्तार धीमी है।

विधान परिषद सदस्य राजीव कुमार के प्रतिनिधि दुर्गा राय ने फुलवरिया प्रखंड में नहर की सफाई के बाद बहाव कम होने की बात रखी। उन्होंने कहा कि एक सप्ताह में बारिश नहीं हुई तो सुखाड़ की स्थिति बन सकती है। वैकल्पिक योजना तैयार रखने की जरूरत है।

इस पर जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि उर्वरक की बिक्री तय मूल्य पर ही हो। बिना लाइसेंस की दुकानों और नकली कीटनाशी बेचने वालों पर सख्त कार्रवाई हो। उन्होंने कहा कि यह बैठक औपचारिकता नहीं, किसानों की समस्याओं का समाधान है। तय मूल्य से अधिक पर उर्वरक बेचने की शिकायत मिलने पर प्रखंड कृषि पदाधिकारी तक पर कार्रवाई होगी।

जिलाधिकारी ने किसानों को ईमानदारी की मिसाल बताया। कहा, वे कठिन हालात में भी देश के लिए अन्न उपजाते हैं। उनके साथ धोखाधड़ी बर्दाश्त नहीं होगी। हथुआ रेलवे स्टेशन पर उर्वरक रैक की अनुमति दी गई। लघु जल संसाधन विभाग को नहरों और पईनों की सफाई कर पानी के बहाव की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।

अपर समाहर्ता सादुल हसन ने सभी पंचायतों में किसान चौपाल आयोजित करने का निर्देश दिया। किसानों को सरकारी योजनाओं, उर्वरक दर और अधिकृत विक्रेताओं की जानकारी देने को कहा। अवैध दुकानों पर छापेमारी कर बिक्री पर रोक लगाने को कहा। सुखाड़ की स्थिति में वैकल्पिक फसलों की रणनीति तैयार कर किसानों को समय पर जानकारी देने को कहा।

बैठक में जिला कृषि पदाधिकारी, सभी प्रखंड कृषि पदाधिकारी, दुर्गा राय समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने किसानों की समस्याओं के समाधान और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए सतत भ्रमणशील रहने का संकल्प लिया।