चाय बेचने वाले का बेटा बना अग्निवीर, गांव में जश्न
भगवानपुर हाट(सीवान)भगवानपुर बाजार में चाय बेचने वाले जयलाल साह के पुत्र आर्यन कुमार और महमदपुर के पशुपालक किसान हेम नारायण यादव के पुत्र मनीष कुमार का अग्निवीर आर्मी में चयन हुआ। दोनों युवाओं के चेहरे खुशी से खिल उठे। वे रोज सुबह सारण जिले के कोलुहा खेल परिसर में दौड़ने जाते थे। देश सेवा का ऐसा जुनून था कि ठंड हो या बरसात, सुबह तीन बजे उठकर तैयारी के लिए पहुंच जाते थे।

शनिवार को अग्निवीर की मेरिट लिस्ट जारी हुई। इसमें दोनों का अंतिम रूप से चयन हो गया। आर्यन अपने पिता की चाय की दुकान पर हाथ बंटाता था। मनीष के पिता खेती और पशुपालन कर परिवार चलाते हैं। दोनों के चयन पर गांव में जश्न का माहौल है। पूर्व मुखिया मनोज सहनी, मोतीलाल साह, सुरेंद्र साह, संत नागमणि सहित कई लोगों ने दोनों को बधाई दी।