महिलाओं से सीधा संवाद करेगी प्रशासन की संवाद यात्रा
सिवान:17 अप्रैल से जिले में महिला संवाद यात्रा शुरू होगी। इसका उद्देश्य महिलाओं की समस्याएं और आकांक्षाएं जानना है। प्रशासन जीविका के ग्राम संगठन स्तर पर महिलाओं से सीधा संवाद करेगा। इसमें जीविका की अहम भूमिका रहेगी। कार्यक्रम के जरिए महिलाएं सामाजिक विकास से जुड़े मुद्दों पर अपनी बात रख सकेंगी।

इस पहल से महिला सशक्तिकरण की दिशा में चल रही योजनाओं और ग्रामीण बदलावों पर चर्चा होगी। राज्य सरकार चाहती है कि महिलाओं की बात सुनी जाए। उन्हें योजनाओं और नीतियों के निर्माण में शामिल किया जाए।

कार्यक्रम में ग्रामीण महिलाओं को भाग लेने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। महिला सशक्तिकरण से जुड़ी योजनाओं की जानकारी देने के लिए जागरूकता वाहन चलाया जाएगा। इसमें फिल्में दिखाई जाएंगी। साथ ही योजनाओं से जुड़ी जानकारी वाले लिपलेट भी बांटे जाएंगे।
कार्यक्रम में लाभान्वित महिलाएं अपने अनुभव साझा करेंगी। इससे अन्य महिलाएं भी योजनाओं के प्रति जागरूक होंगी। उन्हें लाभ मिलेगा। इससे समृद्ध गांव की कल्पना को साकार किया जा सकेगा।
कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जिला स्तरीय अभिमुखीकरण सत्र हुआ। इसमें सभी प्रखंडों के बीडीओ, सीओ और प्रखंड स्तरीय टीमें शामिल हुईं। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को जिम्मेदारी से कार्य करने का निर्देश दिया। साथ ही जिला स्तरीय अनुश्रवण समिति के गठन की घोषणा की गई।