Homeदेशबिहाररोजगार

होमगार्ड बहाली में पारदर्शिता जरूरी : डीएम वर्षा सिंह

हाजीपुर:जिलाधिकारी वर्षा सिंह ने मंगलवार सुबह पुलिस लाइन स्थित मैदान में चल रही होमगार्ड बहाली प्रक्रिया का गहन निरीक्षण किया। वे सुबह 9:30 बजे स्थल पर पहुंचीं। उन्होंने हर काउंटर का सूक्ष्म निरीक्षण किया। अंतिम जत्थे की दौड़, लॉन्ग जंप और अन्य शारीरिक दक्षता परीक्षणों को खुद देखा।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि बहाली प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी, निष्पक्ष और मर्यादित होनी चाहिए। ताकि योग्य, सशक्त और कुशल महिला अभ्यर्थियों का चयन हो सके।

जिला समादेष्टा ने बताया कि अब तक बीस हजार से अधिक महिला अभ्यर्थियों को RFID तकनीक के माध्यम से दौड़ के लिए बुलाया गया है। हर दिन करीब 1000 महिला अभ्यर्थी शारीरिक दक्षता परीक्षा में शामिल हो रही हैं। परीक्षा में लॉन्ग जंप, हाई जंप, गोला फेंक, दौड़ और चिकित्सकीय जांच शामिल हैं।

जिलाधिकारी के अचानक पहुंचने से अधिकारियों और कर्मियों में उत्साह दिखा। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही या भेदभाव की शिकायत नहीं आनी चाहिए।

निरीक्षण के दौरान अपर समाहर्ता अरुण कुमार सिंह, जिला आपूर्ति पदाधिकारी अनु कुमारी, एसडीसी अमन आनंद सहित कई अधिकारी और कर्मी मौजूद रहे।