Homeदेशबिहारविविध

महिलाओं से संवाद के लिए 2116 जगह पहुंचेंगे 18 रथ

छपरा:ग्रामीण विकास विभाग के तहत जीविका के माध्यम से पूरे बिहार में महिला संवाद कार्यक्रम की शुरुआत शुक्रवार से हुई। इसका राज्य स्तरीय शुभारंभ पटना में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने किया। कार्यक्रम का लाइव वेबकास्ट सभी जिलों में दिखाया गया। इसमें जिलाधिकारी, उपविकास आयुक्त और अन्य अधिकारी शामिल हुए।

इस कार्यक्रम का मकसद महिलाओं को सरकारी योजनाओं की जानकारी देना है। साथ ही, गांव और टोले की समस्याएं और आकांक्षाएं जानकर उनकी प्राथमिकता तय करना भी उद्देश्य है। संवाद के दौरान मिली समस्याओं का समाधान अलग-अलग स्तर पर किया जाएगा। सरकार इन सूचनाओं के आधार पर योजनाएं और नीतियां बनाएगी, ताकि महिलाओं की भागीदारी बढ़े।

सारण जिले में 18 महिला संवाद रथ के जरिए 2116 तय स्थलों पर कार्यक्रम होंगे। अगले दो महीनों में सभी जगहों पर कार्यक्रम पूरे किए जाएंगे। शुक्रवार को जिलाधिकारी अमन समीर ने समाहरणालय परिसर से महिला संवाद रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस मौके पर उपविकास आयुक्त, डीपीएम जीविका और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।